दिग्विजय सिंह बोले- बिना नेहरू-गांधी परिवार के कांग्रेस शून्य, अशोक गहलोत पर भी खुलकर बोले
नई दिल्ली, 29 सितंबर। कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस से अशोक गहलोत के बाहर होने के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह इस रेस में शामिल हो गए हैं। दिग्विजय सिंह 30 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में शामिल होने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि बिना नेहरू-गाधी परिवार के कांग्रेस पार्टी शून्य हैं। बता दें कि दिग्विजय सिंह को गांधी परिवार का करीबी माना जाता है, ऐसे में उनके नामांकन दायर करने के बाद सीधे शशि थरूर से दिग्विजय सिंह का मुकाबला होगा।

अशोक गहलोत सम्मानित व्यक्ति
अपने नामांकन से पहले दिग्विजय सिंह से जब पूछा गया कि और कौन इस रेस में है, इसपर दिग्विजय सिंह ने कहा हर व्यक्ति जो पीसीसी का सदस्य है, उसे अधिकार है कि वह अपना फॉर्म भर सकता है। वहीं अशोक गहलोत पर उन्होंने कहा कि अभी तक ऐसा ही महसूस किया जा रहा था कि शायद अशोक गहलोत हमारे आधिकारिक उम्मीदवार हो सकते हैं, हमने स्वीकार किया।

जयपुर की घटना को टाला जा सकता था
दिग्विजय सिंह ने कहा कि अगर अशोक गहलोत अध्यक्ष पद की रेस में होते तो अच्छा होता। हम उन्हें हमेशा इज्जत से देखते हैं, वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने हमेशा से पार्टी के हित में काम किया है, गांधी विचारधारा के हैं, पार्टी के विश्वसनीय रहे हैं, जयपुर में जो घटना हुई है उसे टाला जा सकता था। क्या किसी के कहने पर दिग्विजय सिंह ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का फैसला लिया इसपर उन्होंने कहा कि मैं स्वयं के विवेक से खड़ा हुआ हूं, मैं किसी के कहने से नहीं खड़ा हुआ हूं।

संजय झा ने किया समर्थन
वहीं पूर्व कांग्रेस नेता संजय झा ने कहा कि इस बात में कोई दो राय हो ही नहीं सकता है कि कांग्रेस पार्टी में गांधी परिवार का जो योगदान रहा है उसे कोई नकार नहीं सकता है। भविष्य में भी गांधी परिवार की कांग्रेस में भूमिका रहेगी। अशोक गहलोत ने राजनीतिक आत्महत्या की है। उन्हें एक बहुत बड़ा पद मिल रहा था। कांग्रेस का जो भी अध्यक्ष बनेगा उसकी हुनर, शैली, क्षमता पर सवाल खड़ा होगा। गहलोत से यह उम्मीद नहीं थी कि वह ऐसा करेंगे।

सचिन पायलट चन्नी नहीं बनना चाहेंगे
संजय झा ने कहा राजस्थान की बात करें तो सचिन पायलट चरणजीत सिंह चन्नी नहीं बनना चाहते हैं। आज अगर चुनाव होता है तो भाजपा को फायदा मिलेगा। लिहाजा मैं नहीं समझता हूं कि कांग्रेस फिर से चुनाव जीत सकती है। 2017 में सचिन पायलट ने बहुत मेहनत की थी, मैंने कहा था कि उन्हें मुख्यमंत्री बनना चाहिए। मेरे इस बयान की वजह से पार्टी से बाहर कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications