श्रीलंका ने किया इनकार तो कराची की तरफ बढ़ी चीनी पनडुब्बी
श्रीलंका के इनकार के बाद अब पाकिस्तान के कराची के लिए रवाना हुई है चीन की पनडुब्बी। इंडियन नेवी के पोसायडन-8I ने ट्रैक किया पनडुब्बियों का मूवमेंट।
कोलंबो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रीलंका यात्रा के दौरान श्रीलंका की ओर से इस बात का ऐलान किया गया था कि वह चीन की पनडुब्बी को अपने यहां पर नहीं रहने देगा। अब चीन की पनडुब्बी पाकिस्तान के कराची के लिए रवाना हुई है। भारत की ओर से इस पनडुब्बी की गतिविधियों पर करीब से नजर रखी जा रही है।

इंडियन नेवी को मिली जानकारी
चीन की इस पनडुब्बी की गतिविधि को इंडियन नेवी के सर्विलांस एयरक्राफ्ट पोसायडन-8I ने ट्रैक किया है। इंडियन नेवी ने दिसंबर 2013 से अक्टूबर 2014 में भारतीय महाद्वीप के क्षेत्र में सात चीनी पनडुब्बियों का मूवमेंट ट्रैक किया था। चीन की इन पनडुब्बियों में से एक परमाणु पनडुब्बी और एक डीजल इलेक्ट्रिक थी। ये पनडुब्बियां साधारणतया मलेका जलमार्ग से होते हुए आती हैं और फिर सुनदा जलमार्ग के जरिए बाहर निकल जाती हैं। पीएम मोदी ने अपने श्रीलंका दौरे को पूरा किया है और इस दौरे पर ही श्रीलंका ने चीन की पनडुब्बी को अपने क्षेत्र में इजाजत देने से इनकार कर दिया था।
भारत ने जताई थी चिंता
श्रीलंका की घोषणा को भारत के लिए एक बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है। भारत ने चीनी पनडुब्बी के श्रीलंकाई क्षेत्र में होने पर चिंता जाहिर की थी। कई बार भारत की ओर से श्रीलंका के सामने इसका जिक्र भी किया गया था। भारत का मानना था कि श्रीलंका में चीनी पनडुब्बी के होने का मकसद भारत के रणनीतिक संपत्तियों के बारे में जानकारी हासिल करना है। हालांकि चीन की ओर से इस बात का इंकार किया गया था।
{promotion-urls}












Click it and Unblock the Notifications