दिल्ली से दोहा जा रही फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, कराची एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
नई दिल्ली, 21 मार्च: कतर एयरवेज की दिल्ली से दोहा जाने वाली फ्लाइट में सोमवार को कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिस वजह से उसे पाकिस्तान के कराची एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। विमान कंपनी के मुताबिक फ्लाइट में 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और कंपनी ने मामले में जांच के भी आदेश दिए हैं।

कतर एयरवेज के मुताबिक 21 मार्च को फ्लाइट QR579 दिल्ली से दोहा जा रही थी। हवा में ही उसके कार्गो होल्ड में धुएं के संकेत मिले, जिसके बाद इमरजेंसी की घोषणा की गई। बाद में एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को कराची एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया। फिलहाल वहां पर विमान सुरक्षित रूप से उतर गया। कुछ ही वक्त में आपातकालीन सेवाएं भी वहां पहुंच गईं और सभी यात्रियों को उतार लिया गया।
विमान कंपनी ने आगे कहा कि उनकी ओर से मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा यात्रियों को दोहा पहुंचाने के लिए एक दूसरे विमान की व्यवस्था की जा रही है। कंपनी ने यात्रियों को हुई इस असुविधा के लिए विमान कंपनी ने माफी मांगी है। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होने की भी बात कही है।
भुवनेश्वर में भी हुई थी एक इमरजेंसी लैंडिंग
अभी एक हफ्ते पहले भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर एशिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। उस दौरान बेंगलुरू से कोलकाता जा रही फ्लाइट में एक यात्री की तबीयत खराब हो गई, जिस वजह से विमान को भुवनेश्वर में उतारना पड़ा। बाद में एयरपोर्ट मैनेजमेंट की टीम वहां पहुंची और कैपिटल अस्पताल में मरीज को भर्ती करवाया। हालांकि बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications