AIR इंडिया विमान में महिला यात्री पर पेशाब करने वाले शख्स पर FIR दर्ज, गिरफ्तारी के लिए बनाई गई टीम
एयर इंडिया के बिजनेस क्लास में एक महिला सह-यात्री पर नशे में धुत एक पुरुष यात्री ने 26 नवंबर 2022 को पेशाब किया था। एयर इंडिया ने 26 नवंबर को हुई घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

दिल्ली पुलिस ने एयर इंडिया विमान में महिला यात्री पर पेशाब करने वाले शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उस व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसने 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में 70 वर्षीय एक महिला यात्री पर कथित रूप से पेशाब किया था। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान मुंबई के एक व्यवसायी शेखर मिश्रा के रूप में की है। एक अधिकारी ने कहा कि उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी।
एफआईआर बुधवार को उस महिला की शिकायत पर दर्ज की गई जो उसने पहले एयरलाइन को सौंपी थी। पुलिस ने दावा किया कि उन्हें एयरलाइन द्वारा 28 दिसंबर को संक्षेप में घटना की जानकारी दी गई है, जिसके बाद उन्होंने पीड़ित और एयरलाइन से संपर्क कर यात्री की जानकारी मांगी और शिकायत दर्ज की है।
इन मामलों पर दर्ज हुआ आरोपी यात्री पर केस
डीजीसीए ने दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगते हुए कहा कि न्यूयॉर्क-दिल्ली एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला यात्री पर पुरुष ने जो पेशाब किया है, ये घटना बहुत घृणित है। दिल्ली पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा लैंडिंग के बाद उन्हें या किसी अन्य सुरक्षा अधिकारी को सूचित नहीं करने के लिए वे एयरलाइन के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू करेंगे। आरोपी यात्री शेखर मिश्रा पर महिला का शील भंग करने, शराब के नशे में दुराचार करने, सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने के साथ-साथ विमान नियम के तहत आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
महिला आयोग ने 7 दिनों में मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले को संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर संबंधित कानून के प्रावधानों के तहत मामले की 7 दिनों में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बुजुर्ग महिला को पर पेशाब करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications