हिजाब विवाद: दिल्ली पुलिस की हिरासत में AISA कार्यकर्ता, कर्नाटक भवन की ओर कर रहे थे मार्च
नई दिल्ली, 10 फरवरी: कर्नाटक सरकार की तरफ से छात्रों के ड्रेस कोड लागू करने के बाद राज्य में हिजाब और बुर्के का विवाद बढ़ता जा रहा है। कर्नाटक से शुरू हुए इस विवाद की गूंज अब पूरे देश तक पहुंच गई है। कर्नाटक हाईकोर्ट भी इस पर अपनी सुनवाई कर रहा है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्र संगठन आइसा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को स्कूलों में ड्रेस कोड पर कर्नाटक सरकार के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी में कर्नाटक भवन की ओर मार्च कर रहे आइसा (All India Students Association) कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इस दौरान काफी गहमा-गहमी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार छात्र संगठन के लोग कर्नाटक सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे और दिल्ली में कर्नाटक भवन की ओर अपना मार्च निकाल रहे थे। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने उनको हिरासत में लेकर पुलिस की बस में बैठा लिया, जिसका एक वीडियो भी न्यूज एजेंसी एएनआई ने साझा किया है।
आपको बता दें कि हाल ही में कर्नाटक के स्कूल और कॉलेजों में हिजाब के विवाद ने तूल पकड़ा है। इसकी शुरुआत उस वक्त हुई थी, जब मुस्लिम लड़कियां स्कूल-कॉलेज में हिजाब पहनकर पहुंची तो इसके विरोध में हिन्दू लड़के और लड़कियां भगवा गमछा डालकर स्कूल पहुंचने लगे। मामला काफी बढ़ा, जिसके बाद सरकार ने छात्रों के लिए स्कूल कोड जारी कर दिया। अब राज्य में ड्रेस कोड का विरोध किया जा रहा है।
05 फरवरी को कर्नाटक की बसवराज बोम्मई ने प्रदेश के शिक्षा अधिनियम-1983 के 133 (2) को लागू किया है, जिसमें कहा गया है कि कपड़े की एक समान शैली अनिवार्य रूप से पहनी जानी चाहिए। आदेश में कहा गया है कि निजी स्कूल प्रशासन अपनी पसंद की यूनिफॉर्म चुन सकता है। ऐसे में इस आदेश के बाद छात्रों को कॉलेज विकास समिति या प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों के प्रशासनिक बोर्ड की अपीलीय समिति द्वारा चुनी गई ड्रेस पहननी होती है, जो कि प्री-यूनिवर्सिटी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आता है।












Click it and Unblock the Notifications