VIDEO: दिल्ली में रोडरेज के बाद दबंगई, दुकान में घुस युवक को किया अधमरा, लूटे 15 लाख
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रोड रेज का एक मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक कुछ लोगें ने एक युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी। पीड़ित युवक का आरोप है कि सड़क पर उसकी कार में एक दूसरी कार ने टक्कर मार दी, इसका विरोध करने पर दूसरी कार में सवार चार लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की।

इतना ही नहीं चारों लोगों ने युवक की दुकान में घुसकर लात घूंसों और रॉड से उसकी पिटाई की। चारों ने बारी-बारी से उस युवक को इतना मारा कि वह बेहोश हो गया। हमले के बाद युवक को कई गंभीर चोटें आई। हालांकि इस हमले में उसकी जान बच गयी है और डॉक्टरों के मुताबिक वो खतरे से बाहर है।
पीड़ित का आरोप है कि उनसे 15 लाख रुपये भी लूटे गए। पश्चिमी दिल्ली जिले के DCP ने बताया, दो लोगों की पहचान की गई है। तफ्तीश जारी है। "यह पूरी घटना दुकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में सभी आरोपियो के खिलाफ पंजाबी बाग थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियो की तलाश में जुट गई है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस उस कार की भी तलाश कर रही है जिसमें आरोपी सवार थे।












Click it and Unblock the Notifications