दिल्ली: गर्ल्स हॉस्टल में भीषण आग, जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूद गई लड़की, 6 बेहोश
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के एक गर्ल्स हॉस्टल में आग लगने की खबर आई है। जानकारी के मुताबित जनकपुरी के कावेरी हॉस्टल में अचानक आग लग गई। इस दैरान आग के धुंए से 6 लड़कियां बेहोश हो गईं तो वहीं जान बचाने के लिए एक लड़की ने हॉस्टल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी। फिलहाल 50 लड़कियों को हॉस्टल से रेस्क्यू कर लिया गया है। बेहोश लड़कियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। आग हॉस्टल के बेसमेंट में देर रात इलेक्ट्रिक पैनल में लगी थी जो फैलते-फैलते ग्राउंड फ्लोर तक पहुंच गई जहां लड़कियां रहती हैं।

आग की लपटें देख मचा चींख-पुकार
आग की लपटें देखते ही चीख-पुकार मच गई। हॉस्टल प्रशासन ने तुरंत आग की सूचना दी. जिससे मौके पर पहुंची तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। फिलहाल 6 घायल लड़कियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गौरतलब है कि मंगलवार को ही दिल्ली के पीरागढ़ी स्थित उद्योग नगर में बिजली के बल्ब बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई थी। आग इतनी भयंकर थी कि फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर इस पर काबू पाया। आग लगने से फैक्ट्री में रखा लाखों का सामन जल कर खाक हो गया था।

एक लड़की ने हॉस्टल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी
आग रात करीब 3 बजे लगी। आग से घबराई एक लड़की ने अपनी जान बचाने के लिए होस्टल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी। जानकारी के मुताबिक उसे हल्की चोटें आई हैं जिसका उपचार चल रहा है। गौरतलब हो कि हाल ही में गुजरात के सूरत में चौथी मंजिल पर चल रहे एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 20 से ज्यादा छात्रों की मौत हो गई थी। आग लगने के बाद कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्रों ने जान बचाने के लिए चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी।

दिल्ली सरकार ने उठाए जरूर कदम
सूरत जैसी स्थिति से बचने के लिए केजरीवाल सरकार और MCD ने कोचिंग मालिकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है जो बिना सुरक्षा मानकों के दिल्ली में अपनी कोचिंग क्लास चला रहे हैं। इसके अलावा केजरीवाल सरकार ने ऐसी किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए सोमवार को इमारतों से संबंधित कई आदेश जारी किए हैं। दिल्ली सरकार के शहरी विकास मंत्री सत्येंद्र जैन ने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद नए निर्देश जारी किए।












Click it and Unblock the Notifications