दिल्ली में होटल खोलने की मिली अनुमति, कंटेनमेंट जोन में पाबंदी बरकरार
नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 29.25 लाख के पार पहुंच गई है। इसके बावजूद भी अनलॉक की प्रक्रिया जारी है। हाल ही में दिल्ली डिजास्टर मैनेंजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक हुई थी, जिसमें राजधानी में स्थित होटलों को फिर से खोलने का फैसला लिया गया था। अब DDMA ने इसको लेकर विस्तृत आदेश जारी किया है।

DDMA के आदेश के मुताबिक अब सभी होटलों को खोला जा सकेगा। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क की अनिवर्यता बरकरार रहेगी। इसके अलावा सभी होटल संचालकों को केंद्र सरकार की ओर से जारी SOP का पूरा पालन करना होगा। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। DDMA ने अपने आदेश में साफ किया है कि कंटेनमेंट जोन में होटल नहीं खुलेंगे, वहां पर सख्तियां बरकरार रहेंगी।
होटलों में परोसी जाएगी शराब
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को शराब से संबंधित एक आदेश जारी किया था। जिसमें राजधानी के होटलों, क्लबों में शराब के बिक्री की इजाजत दे दी गई। मामले में डिप्टी सीएम सिसोदिया ने कहा कि अनलॉक पर केंद्र सरकार की गाइडलाइन का विस्तार से अध्ययन किया गया है। इसके अलावा राजस्थान, असम, पंजाब जैसे कई राज्यों के होटलों और क्लबों में शराब बिक्री की इजाजत दी गई है। ऐसे में राजस्व को देखते हुए दिल्ली सरकार ने भी ये फैसला लिया है। उन्होंने साफ किया कि पहले आबकारी विभाग सोशल डिस्टेंसिंग समेत अन्य नियम जारी करेगा, फिर लाइसेंसधारी होटल, रेस्टोरेंट्स, क्लब शराब की बिक्री कर सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications