मनीष सिसोदिया की कोरोना रिपोर्ट आई नेगेटिव, अस्पताल से मिली छुट्टी
मनीष सिसोदिया को पहले दिल्ली के एलएनजेपी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया था।
नई दिल्ली। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को मैक्स हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है। मनीष सिसोदिया की कोरोना वायरस रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें डॉक्टरों ने एक हफ्ते आराम करने की सलाह देते हुए अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। आपको बता दें कि मनीष सिसोदिया बीते 14 सितंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। पहले उन्हें दिल्ली के एलएनजेपी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कर उन्हें प्लाज्मा थैरेपी दी गई थी। मनीष सिसोदिया को कोरोना वायरस के अलावा डेंगू बुखार ने भी अपने चपेट में ले लिया था।

Recommended Video
मनीष सिसोदिया ने कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद पहले खुद को अपने घर में ही आइसोलेट किया था। हालांकि बाद में उन्हें बुखार चढ़ने पर दिल्ली के एलएनजेपी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। यहां मनीष सिसोदिया डेंगू बुखार की चपेट में आ गए और उनकी प्लेटलेट्स गिरने लगीं। इसके बाद जब उनका ऑक्सीजन लेवल भी गिरने लगा तो उन्हें साकेत के मैक्स हॉस्पिटल में आईसीयू में भर्ती कराया गया। मैक्स हॉस्पिटल में मनीष सिसोदिया को प्लाज्पा थैरेपी दी गई, जिसके बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ।
आपको बता दें कि मनीष सिसोदिया दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार में दूसरे मंत्री हैं, जो कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं। उनसे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और उन्हें भी मैक्स हॉस्पिटल में ही तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद प्लाज्पा थैरेपी दी गई थी। गौरतलब है कि दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले नीचे आने के बाद पिछले दिनों एक बार फिर से बढ़े हैं। हालांकि बढ़ते मामलों पर केजरीवाल सरकार की तरफ से बयान दिया गया कि हालात नियंत्रण में हैं और दिल्ली में टेस्टिंग की संख्या बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications