क्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को बंद रहेगी दिल्ली AIIMS? विवादों के बीच यहां जानिए पूरा सच
Delhi AIIMS: अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी के लिए दिल्ली एम्स ने दोपहर 2:30 बजे तक छुट्टी का आदेश जारी किया था। लेकिन अब उन्होंने विवादों के बीच अपना फैसला वापस ले लिया है।
आदेश जारी करने के 24 घंटे के भीतर दिल्ली एम्स ने अपना पुराना आदेश वापस ले लिया है। दिल्ली एम्स ने पहले आदेश दिया था कि 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे सभी ओपीडी सेवाओं बंद की जा रही है। इमरजेंसी सर्विस जारी रहेगी। लेकिन अब इस फैसले को वापस ले लिया गया है।

एम्स की ओर से हाफ डे वाले फैसले का विपक्षी नेताओं ने काफी विरोध किया था। ट्विटर पर कई नेताओं ने लिखा कि ऐसा तो कभी राम राज में भी नहीं हुआ होगा। आलोचनाओं के बीच अब दिल्ली एम्स ने नया फैसला जारी किया है।
रविवार 21 जनवरी को जारी आदेश में दिल्ली एम्स ने कहा है कि, ''किसी भी असुविधा से बचने और रोगी की सुविधाओं को देखते हुए, हमने रोगियों की देखभाल के लिए ओपीडी सेवाएं खोले रखने का फैसला लिया है। सभी महत्वपूर्ण क्लिनिकल केयर सर्विसेज भी चालू रहेंगी। सभी केंद्र, प्रमुखों, विभागों के प्रमुखों, इकाइयों और शाखा अधिकारियों से निवेदन है कि वे इसे अपने अधीन कार्यरत सभी कर्मचारियों को सूचित कर दें।''
बता दें कि कई विपक्षी नेताओं ने एम्स के हॉफ डे वाले फैसले की आलोचना करते हुए कहा था कि इस फैसले से "स्वास्थ्य सेवाएं" बाधित होंगी।
शिव सेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का कहना था कि, ''मुझे आश्चर्य है कि क्या भगवान राम इस बात से सहमत होंगे कि उनके स्वागत के लिए स्वास्थ्य सेवाएं बाधित की जाएंगी।''
इसी तरह तृणमूल कांग्रेस के सांसद साकेत गोखले ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि "लोग अपॉइंटमेंट के इंतजार में एम्स के गेट पर ठंड में बाहर सो रहे हैं। गरीब और मरने वाले लोग इंतजार कर सकते हैं क्योंकि कैमरे और पीआर के लिए मोदी को प्राथमिकता दी गई है।"












Click it and Unblock the Notifications