पुतिन के भारत दौरे से पहले रक्षा मंत्रालय ने 5000 करोड़ की डील को दी मंजूरी
नई दिल्ली, 23 नवंबर: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अगले महीने भारत आने की उम्मीद है। इससे पहले रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को 7.5 लाख एके-203 असॉल्ट राइफलों के निर्माण के लिए रूस के साथ 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के सौदे को मंजूरी दे दी। इन असॉल्ट राइफलों का निर्माण उत्तर प्रदेश के अमेठी में किया जाएगा। यहां रूस और भारत द्वारा राइफल बनाने के लिए संयुक्त उद्यम लगाया जाएगा।
Recommended Video

रक्षा सूत्रों ने एएनआई को बताया कि एके -203 असॉल्ट राइफल्स सौदे पर राष्ट्रपति पुतिन अपनी यात्रा के दौरान हस्ताक्षर कर सकते हैं। पुतिन की भारत यात्रा से पहले मंगलवार को रक्षा अधिग्रहण परिषद की बैठक में इस डील को मंजूरी दे दी गई। अमेठी की एक फैक्ट्री में रूस में डिजाइन की गई एके-203 बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले दोनों पक्षों के बीच समझौते पर सहमति बनी थी।
अब सबसे बड़ा मुद्दा तकनीक ट्रांसफर का है। अमेठी में 7.5 लाख AK 203 राइफल का निर्माण होगा। भारतीय सेना द्वारा अधिग्रहित की जाने वाली 7.5 लाख राइफलों में से शुरुआती 70 हजार राइफल में रूस निर्मित उपकरण लगाए जाएंगे। तकनीक ट्रांसफर के बाद बाकी राइफल में भारत में बने उपकरण लगाए जाएंगे। प्रोडक्शन शुरू होने के 32 महीने बाद ये राइफल सेना को मिलना शुरू हो जाएंगी।
रूस से मिलने वाली एके-203 असॉल्ट राइफलों में से ज्यादातर भारतीय वायुसेना को दी जाएंगी। एके-203 दुनिया की सबसे मशहूर असॉल्ट राइफल एके-47 का अपडेटेड वर्जन है। एके-203 अबतक की सबसे अपडेट राइफलों में से एक है। यह कंवर्टेबल राइफल है। इसे सेमी ऑटोमेटिक और ऑटोमेटिक मोड में इस्तेमाल किया जा सकता है। एके-47 सबसे बेसिक मॉडल है। इसके बाद एके में 74, 56, 100 सीरीज, 200 सीरीज आ चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications