Daily Political Update: 'श्वेत पत्र' पर मचा घमासान, कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बोला जमकर हमला
Daily Political Roundup: पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने का ऐलान हुआ। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जाहिर की।
वहीं, राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच उनका पहला रिएक्शन सामने आया है।

उधर, वित्त मंत्री द्वारा लोकसभा में श्वेत पत्र पेश करने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है, तो वहीं उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई हिंसा के बाद सियासी पारा भी चढ़ने लगा है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
तीन दिग्गजों को मिलेगा भारत रत्न
केंद्र की मोदी सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए तीनों दिग्गजों को भारत रत्न मिलने पर खुशी जताई। भारत रत्न के ऐलान पर विभिन्न नेताओं की प्रतिक्रिया भी आई हैंं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने पर कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने पर बहुत खुशी हुई। वहीं कांग्रेस नेता मनिक टैगोर ने कहा कि चुनाव के समय यह भारत रत्न देने का ऐलान किया गया है। हालांकि सर्वोच्च पुरस्कार देने का मैं स्वागत करता हूं। RLD नेता जयंत चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा पर कहा कि दिल जीत लिया।
भाजपा पर शामिल होने को लेकर बोले जयंत चौधरी
राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच उनका पहला रिएक्शन आया है। उन्होंने बीजेपी-एनडीए के साथ हाथ मिलाने के सवाल कहा कि कोई कसर रहती है? आज मैं किस मुंह से इनकार करूं आपके सवालों को। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि लोकसभा चुनाव में भाजपा और रालोद के बीच गठबंधन पर बात बनना तय है।
भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में साल 2004 से 2014 तक यूपीए शासन के दौरान देश की खराब आर्थिक स्थिति को उजागर करने के लिए श्वेत पत्र पेश किया। जिस पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पलटवार करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि श्वेत पत्र में नोटबंदी, बेरोजगारी, महंगाई का जिक्र नहीं है। बढ़ती आर्थिक विषमताओं पर उन्होंने कुछ नहीं कहा। जिन मुद्दों पर श्वेत पत्र निकालना चाहिए, चीन सीमा के हालातों और तनाव पर हम श्वेत पत्र मांग रहे हैं उस पर चुप्पी है। मणिपुर के हालात पर चुप्पी है।"
क्या यही अमृतकाल है? हल्द्वानी हिंसा पर बोले मनोज झा
उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई हिंसा के बाद सियासी पारा भी चढ़ने लगा है। इस घटना के बाद राजद ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। राजद सांसद मनोज झा ने हल्द्वानी हिंसा पर कहा कि इस देश का सामाजिक ताना बाना टूट रहा है। मैं केंद्र और उत्तराखंड की सरकार से पूछना चाहता हूं कि आप किसी प्रकार के देश का निर्माण कर रहे हैं? उन्होंने सवाल किया कि क्या ये अमृतकाल है? या विष काल बना रहे हैं?












Click it and Unblock the Notifications