Daily Political Update: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर सपा नेता हुए आमने-सामने, तो राहुल ने PM मोदी को घेरा
Daily Political Roundup: समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
वहीं, स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान के बाद सपा नेता मनोज पांडे ने अपनी भड़ास निकाली और कहा कि उनका मानसिक संतुलन खो चुका है। वहीं, राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जाति पर टिप्पणी करते हुए जोरदार हमला बोला।

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रील प्रभुपाद की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक स्मारक सिक्का जारी किया। वहीं, दिल्ली कूच कर रहे किसानों की नोएडा में पुलिस ने रोक लिया। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
सपा नेता ने प्राण प्रतिष्ठा पर उठाए सवाल
अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने सवाए उठाए हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि इस सरकार से पहले कोई रामलला नहीं थे। रामलला हैं और पिछले हजारों वर्षों से उनकी पूजा की जा रही है। फिर 'प्राण प्रतिष्ठा' की क्या आवश्यकता थी? यह करोड़ों भक्तों की भावनाओं को आहत करता है। यह भाजपा, आरएसएस और वीएचपी का कार्यक्रम था।
स्वामी प्रसाद मौर्य पर भड़के सपा नेता मनोज पांडे
वहीं, स्वामी प्रसाद मौर्य के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दिए गए बयान पर सपा नेता मनोज पांडे ने भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, 'स्वामी प्रसाद के बयान पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। जो व्यक्ति अपना मानसिक संतुलन खो चुका है, वह ऐसे ही बोलता रहेगा। पार्टी ने उन्हें कई बार कहा है लेकिन अगर कोई विक्षिप्त व्यक्ति पार्टी का निर्देश नहीं सुनता है तो कोई क्या ही करेगा।
पीएम मोदी पर राहुल गांंधी का निशाना
भारत जोड़ाे न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर है। ओडिशा के झारसुगुड़ा में गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जाति पर टिप्पणी करते हुए जोरदार हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी अपनी जाति के नाम पर देश को गुमराह कर रहे हैं। पीएम मोदी जन्म से ओबीसी नहीं हैं। वह एक ऐसे परिवार में पैदा हुए थे जो सामान्य जाति से संबंध रखता था। असल में वो पिछड़े वर्ग में पैदा नहीं हुए। ये बात आप हर बीजेपी कार्यकर्ता को बताएं।
श्रील प्रभुपाद की 150वीं वर्षगांठ एक सिक्का जारी
श्रील प्रभुपाद की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक स्मारक सिक्का जारी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि प्रभुपाद गोस्वामी की 150वीं जयंती हम ऐसे समय मना रहे हैं, जब कुछ ही दिन पहले भव्य राम मंदिर का सैंकड़ों साल पुराना सपना पूरा हुआ है। आज आपके चेहरों पर जो उल्लास और उत्साह दिखाई दे रहा है, मुझे विश्वास है कि इसमें रामलला के विराजमान होने की खुशी भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications