Daily Political Update: केजरीवाल की गिरफ्तारी के बीच आप को मिली 'सुप्रीम' राहत, तो कांग्रेस पर बरसे PM मोदी
Daily Political Roundup: दिल्ली शराब नीति से संबंधित घोटाला केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बीच पिछले 6 महीने से जेल में बंद आप सांसद संजय सिंह को बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने संजय सिंह को जमानत दे दी। इस पर आप ने कहा कि अंत में सच की जीत होती है, तो वहीं भाजपा ने इस पर पलटवार किया है।
उधर, उत्तराखंड के रुद्रपुर में चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने देश के टुकड़े करने वाले को टिकट दिया।

वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 30 स्थानों के नाम बदले जाने वाले चीन के दावों पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
अंत में सच की जीत होती है: आप
आप सांसद संजय सिंह को मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी। संजय सिंह को कोर्ट से जमानत मिल गई। संजय सिंह दिल्ली शराब नीति से संबंधित घोटाला केस में पिछले 6 महीने से जेल में बंद रहे। आप नेता आतिशी ने कहा, ''हमने देखा कि कैसे पिछले दो साल से आप नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया गया और गिरफ्तार किया गया। संजय सिंह की जमानत याचिका पर जब सुप्रीम कोर्ट ने ईडी से मनी ट्रेल का पता पूछा तो ईडी के पास कोई जवाब नहीं था। जिससे साफ होता है कि आखिर में जीत सच की होती है।"
भाजपा ने किया पलटवार
संजय सिंह की जमानत पर आप जहां इसे सच की जीत बता रही है तो भाजपा ने इस मामले में आप को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि "यह जमानत तब दी गई है जब ईडी ने संजय सिंह की जमानत का विरोध नहीं किया है। आज से AAP यह दावा नहीं कर सकती कि कोई भी एजेंसी विशेष रूप से ईडी या सीबीआई किसी भी प्रकार की प्रतिशोध की राजनीति में लिप्त है।"
कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर पहुंचे, जहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर बरसे। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस देश के टुकड़े करने वालों को टिकट दे रही। कांग्रेस देश को अराजकता की ओर ढकेल रही है। इस दौरान पीएम ने कहा कि मोदी मौज करने पैदा नहीं हुआ है, बल्कि मेहनत करने आया है। पीएम ने कहा कि पिछले 10 सालों में जो हुआ वह सिर्फ ट्रेलर है।
नाम बदलने पर सियासत
अरुणाचल प्रदेश में 30 स्थानों के नाम बदले जाने वाले चीन के दावों पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने इसे लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मनीष तिवारी ने कहा, "जयशंकर बहुत अद्भुत बयान दे रहे हैं। जो लोग बुलंद आवाज में कच्चातिवू द्वीप की बात करते हैं, वे चीन शब्द का उच्चारण करने से भी डरते हैं।" बता दें कि सोमवार को विदेश मंत्री ने कहा था, "अगर मैं किसी घर का नाम बदल दूं, तो क्या वह मेरा हो जाएगा?"












Click it and Unblock the Notifications