कांग्रेस ने 16 अक्टूबर को बुलाई CWC की बैठक, नए पार्टी अध्यक्ष को लेकर हो सकता है फैसला
कांग्रेस ने 16 अक्टूबर को बुलाई CWC की बैठक, नए पार्टी अध्यक्ष को लेकर हो सकता है फैसला
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर: पंजाब कांग्रेस में मची कलह और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच पार्टी ने आगामी 16 अक्टूबर को दिल्ली में सुबह 10 बजे कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई है। इस बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात, पांच राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव और कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर चर्चा होगी। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस बारे में ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि 16 अक्टूबर को कांग्रेस दफ्तर पर ही कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई है।

आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी इस समय पंजाब और छत्तीसगढ़ में नेताओं की आपसी कलह से जूझ रही है। पंजाब में जहां हाल ही में कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री के पद से हटाकर, चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया गया है, वहीं छत्तीसगढ़ में भी भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच खींचतान चल रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि 16 अक्टूबर को होने वाली कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर फैसला हो सकता है। 2019 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद से कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद खाली पड़ा है।
अपने ही नेताओं के निशाने पर क्यों है कांग्रेस?
गौरतलब है कि नए अध्यक्ष के चुनाव की मांग को कांग्रेस अभी तक कोरोना वायरस महामारी की हवाला देकर टालती रही है। कांग्रेस में नेताओं का एक गुट, खासकर जी-23 के नेता, नए अध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी को लेकर कई बार अपनी ही पार्टी और राहुल-सोनिया गांधी को निशाने पर ले चुके हैं। हाल ही में जब कैप्टन अमरिंदर सिंह को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाया गया, तो कपिल सिब्बल, मनीष तिवारी और कुछ अन्य नेताओं की तरफ से एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की मांग उठी। ऐसे में कांग्रेस पर नैतिक तौर पर भी कार्यसमिति की बैठक बुलाने और पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव पर फैसला लेने का दबाव बन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications