जिस CSDS के डाटा पर राहुल गांधी ने लगाए वोट चोरी के आरोप, उसने कई देशों से पाया फंड, TV डिबेट में किया स्वीकार
CSDS Sanjay Kumar foreign Funding: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर बिहार और महाराष्ट्र में वोटों में कथित हेराफेरी के आरोप लगाते हुए तीखे हमले किए हैं। बिहार में तो उन्होंने तीनों चुनाव आयुक्तों को सीधे चेतावनी तक दे डाली थी। लेकिन अब वही आंकड़े, जिन पर राहुल गांधी ने सवाल उठाए थे, विवादों में फंस गए हैं। चुनाव विश्लेषण करने वाली संस्था CSDS के प्रमुख संजय कुमार ने माफी मांगते हुए स्वीकार किया कि डेटा ऑपरेटर की गलती के कारण आंकड़ों में गड़बड़ी हुई थी। इस माफी के बाद मामला और चर्चा का विषय बन गया है।
हाल ही में संजय कुमार ने देश के चर्चित पत्रकार अरनब गोस्वामी के शो में यह भी स्वीकार किया कि उनके संगठन को अलग-अलग देशों से फंड मिली है। इस खुलासे के बाद राजनीतिक हलकों में नई हलचल मची है और राहुल गांधी के आरोपों की विश्वसनीयता पर फिर सवाल उठने लगे हैं। संजय कुमार अब आलोचनाओं के केंद्र में हैं और राजनीतिक बहस का मुद्दा बन चुके हैं।

CSDS को कई देशों से मिला फंड
देश के चर्चित पत्रकार अरनब गोस्वामी के शो में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए CSDS के प्रमुख संजय कुमार ने स्वीकार किया कि उनके संगठन को विशेष परियोजनाओं (Special Projects) के लिए विदेशी फंड मिला है। अरनब ने पूछा कि क्या उन्हें Ford Foundation से फंड मिला, तो संजय कुमार ने कहा कि कुछ समय पहले यह फंड मिला था। इसके बाद अरनब ने पूछा कि क्या ब्रिटिश सरकार से भी फंड लिया गया था, तो संजय कुमार ने कहा, 'मुझे ठीक से याद नहीं है।' उन्होंने यह भी बताया कि IDRC, Canada, डच एजेंसी, और International Research Foundation जैसी संस्थाओं से भी उन्हें फंड मिला, और यह पैसे विशेष प्रोजेक्ट के लिए प्राप्त हुए थे। संजय कुमार की यह स्वीकारोक्ति राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।
ये भी पढ़ें Rahul Gandhi के 'वोट चोरी' दावे का जानें पूरा फैक्ट चेक, आंकड़ों और तथ्यों के साथ जानें हर आरोप का सच
संजय कुमार ने माफी मांगते हुए क्या कहा?
चुनाव विश्लेषण करने वाली संस्था CSDS के प्रमुख संजय कुमार ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, 'मैं महाराष्ट्र चुनावों के संबंध में पोस्ट किए गए ट्वीट के लिए ईमानदारी से माफी मांगता हूं। 2024 के लोकसभा और 2024 के विधानसभा के आंकड़ों की तुलना करते समय गलती हुई। हमारी डेटा टीम की तरफ से गलत पढ़ा गया था। ट्वीट को बाद में हटा दिया गया है। मेरा किसी भी प्रकार की गलत सूचना फैलाने का कोई इरादा नहीं था।'
दरअसल, संजय कुमार ने जिस पोस्ट को लेकर माफी मांगी, वह 17 अगस्त को सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी। पोस्ट और स्क्रीनशॉट्स के अनुसार, इसमें दावा किया गया था कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव की तुलना में विधानसभा चुनाव में कुछ सीटों पर मतदाताओं की संख्या में अंतर देखा गया।
कथित तौर पर इसी आंकड़े के आधार पर राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र में जुलाई और नवंबर 2024 के बीच बीजेपी के पक्ष में 47 लाख वोटरों में हेरफेर हुआ। इस बीच, राहुल गांधी बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकालकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और वोटर हेरफेरी को लेकर चुनाव आयोग पर दबाव बना रहे हैं।
ये भी पढ़ें Rahul Gandhi ने चुनाव आयोग पर लगाया वोट चोरी का आरोप, भड़का EC, कहा- 'सबूत दिखाएं पहले'
कांग्रेस से भी माफी मांगने को कहा?
CSDS प्रमुख संजय कुमार ने रिपब्लिक से बातचीत में कहा, अगर कांग्रेस पार्टी मेरे डेटा का इस्तेमाल करके किसी नेरेटिव को आगे बढ़ा रही है, तो यकीनन यह गलत है। लेकिन अगर कांग्रेस किसी दूसरे डेटा के आधार पर नेरेटिव बना रही है, तो उस पर मुझे कुछ कहना नहीं है। मेरे डेटा में गलती हुई थी, इसलिए मैं कहूंगा कि अगर वह मेरे डेटा का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह गलत है। यह किसी राजनीतिक खेल का हिस्सा नहीं था और इसमें कोई साजिश नहीं थी।" संजय कुमार ने यह भी कहा कि कांग्रेस को इस मामले में माफी मांगने पर विचार करना चाहिए, ताकि डेटा और आंकड़ों का सही तरीके से इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications