Rahul Gandhi ने चुनाव आयोग पर लगाया वोट चोरी का आरोप, भड़का EC, कहा- 'सबूत दिखाएं पहले'
Rahul Gandhi: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को चुनाव आयोग (EC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 'चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर देश में 'वोट चोरी' कर रहा है और मतदाता सूचियों में 'फर्जी लोगों' को शामिल किया जा रहा है।'
राहुल गांधी ने अपने आरोपों के समर्थन में कर्नाटक की मतदाता सूचियां भी दिखाईं। कांग्रेस नेता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि 'बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में वोटों की 'भयंकर चोरी' हुई है।'

उनके मुताबिक महादेवपुरा में 6.5 लाख वोटों में से एक लाख से अधिक वोटों की 'चोरी' हुई। कांग्रेस के आंतरिक शोध में पता चला है कि महादेवपुरा में एक लाख से अधिक 'फर्जी', 'अमान्य पते' वाले 'बल्क वोटर' थे।
Rahul Gandhi पर भड़का चुनाव आयोग
राहुल गांधी के इस आरोप पर चुनाव आयोग ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी से प्रूफ मांगा है। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने राहुल गांधी को लेटर लिखा है। उसने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा है कि 'आज आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप ने मतदाता सूची में अपात्र मतदाताओं को शामिल करने और पात्र मतदाताओं को बाहर करने का उल्लेख किया है। आपसे अनुरोध है कि आप मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 20(3)(ख) के अंतर्गत संलग्न घोषणा/शपथ पर हस्ताक्षर करके ऐसे मतदाताओं के नाम सहित वापस भेजें ताकि आवश्यक कार्यवाही शुरू की जा सके।'
'पहले शपथ पत्र पर साइन करें Rahul Gandhi'
इसके बाद आयोग कि ओर से कहा गया है कि 'राहुल गांधी सबूत दिखाएं कि कहां पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। वो पहले शपथ पत्र पर साइन करें लिखित तौर पर सबूत पेश करें ताकि इस बारे में एक्शन लिए जा सकें अगर उनकी ओर जानकारी गलत पाई गई तो उनके खिलाफ लीगल एक्शन लिया जाएगा।'
शुक्रवार को एक बजे से लेकर तीन बजे तक का समय दिया गया
आयोग ने राहुल गांधी और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को शुक्रवार को एक बजे से लेकर तीन बजे तक का समय भी दिया। आयोग ने साफ तौर पर कहा है कि या तो सबूत पेश करें या फिर भारत की जनता को गुमराह न करें और चुनाव आयोग पर बेबुनियाद आरोप लगाना बंद करें। आयोग ने यह भी कहा है कि कांग्रेस की ओर से अभी तक इस बारे में कोई भी शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।
क्या कहा Rahul Gandhi ने ?
राहुल गांधी ने कहा, 'मैं एक राजनेता हूं, मैं लोगों से जो कहता हूं वही मेरा वचन है। मैं इसे सार्वजनिक रूप से सभी से कह रहा हूं। इसे शपथ के रूप में लें, हम उनका डेटा प्रदर्शित कर रहे हैं। यह हमारा डेटा नहीं है। यह चुनाव आयोग का डेटा है। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने जानकारी से इनकार नहीं किया है। उन्होंने यह नहीं कहा है कि जिस मतदाता सूची की बात राहुल गांधी कर रहे हैं, वह गलत है। आप उन्हें गलत क्यों नहीं कहते? क्योंकि आप सच्चाई जानते हैं। आप जानते हैं कि हम जानते हैं कि आपने पूरे देश में ऐसा किया है।'
'यहां डुप्लीकेट मतदाता है, सारे फर्जी वोट हैं'
उन्होंने आगे कहा कि 'यहां डुप्लीकेट मतदाता है। इस प्रकार के 11,965 मतदाता हैं। यह गुरकीरत सिंह डांग नामक एक सज्जन हैं। गुरकीरत सिंह डांग निर्वाचन क्षेत्र के चार अलग-अलग मतदान केंद्रों पर एक बार, दो बार, तीन बार, चार बार दिखाई देते हैं। एक ही नाम, एक ही पता, अलग-अलग मतदान केंद्रों के लिए एक ही व्यक्ति। और यह सिर्फ एक व्यक्ति नहीं है; यह एक विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोग हैं।'
'पता 0 , मकान नंबर 0, गली नंबर 0'
राहुल गांधी ने कहा कि ' फर्जी पतों की बात करें तो ये ज्यादातर तीन तरह के होते हैं, या तो ऐसा पता जो होता ही नहीं। आप उसे ढूंढने जाते हैं, तो वह वहां होता ही नहीं, या पता 0 होता है, मकान नंबर 0, गली नंबर 0 या फिर पता सत्यापित नहीं हो पाता। ये 40,000 मतदाता हैं,बूथ नंबर 366, 46 मतदाता, सभी अलग-अलग परिवारों से हैं और एक ही बेडरूम वाले घर में रहते हैं और जब हम वहां जाते हैं, तो वे वहां होते ही नहीं। तो यह एक ही बेडरूम वाला घर है, 46 मतदाता वहां रहते हैं, उनके होने का कोई संकेत नहीं।'
'PM बहुत कम बहुमत के साथ भारत के प्रधानमंत्री हैं'
'हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि प्रधानमंत्री बहुत कम बहुमत के साथ भारत के प्रधानमंत्री हैं। 25 सीटें... हम चुनाव आयोग से यही कह रहे हैं कि आप भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने के काम में नहीं हैं। आप इसे बचाने के काम में हैं। ये सारी जानकारी अब सबूत है। यह एक ऐसा अपराध है जो भारतीय संविधान और भारतीय ध्वज के विरुद्ध किया जा रहा है। यह उससे कम नहीं है, और यह एक विधानसभा में हुए अपराध का सबूत है। हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं क्योंकि हम पैटर्न देख रहे हैं। हमने पैटर्न का अध्ययन किया है।'
सीसीटीवी फुटेज और मतदाता सूची अब अपराध का सबूत है
'हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि यह अपराध पूरे देश में, एक के बाद एक राज्यों में बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। हमारे लिए सीसीटीवी फुटेज और मतदाता सूची अब अपराध का सबूत है और चुनाव आयोग इसे नष्ट करने में लगा हुआ है इसलिए मैं देश को बताना चाहता हूं कि इस देश में एक बहुत बड़ा आपराधिक घोटाला किया जा रहा है। यह चुनाव आयोग और सत्ताधारी पार्टी द्वारा किया जा रहा है। हमने आपको यहां बिल्कुल स्पष्ट और निर्विवाद सबूत दिए हैं।'












Click it and Unblock the Notifications