'नहीं हुआ Co-WIN डेटा लीक', सरकार ने कहा- ऐप पूरी तरह सुरक्षित, रिपोर्ट फैलाना किसी की शरारतपूर्ण हरकत
CoWin Data Leak के बारे में जानिए।
CoWin Data Leak: कोविड वैक्सीनेशन पोर्टल कोविन (CoWIN) से पर्सनल डेटा, जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट जैसी जानकारी लीक होने की खबरों का भारत सरकार ने खंडन किया है। सरकार ने कहा है कि डेटा लीक नहीं हुआ है।
कथित कोविड वैक्सीनेशन डेटा लीक पर भारत सरकार ने कहा है कि Co-WIN ऐप पूरी तरह सुरक्षित है। डेटा लीक की रिपोर्ट फैलाना किसी की शरारतपूर्ण हरकत है। हमने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से उस संबंध में एक रिपोर्ट मांगी है।

भारत सरकार ने कहा, ''स्वास्थ्य मंत्रालय का कोविन पोर्टल डेटा गोपनीयता के लिए सुरक्षा उपायों के साथ पूरी तरह सुरक्षित है। ऐप सेफ है। डेटा उल्लंघन की सभी रिपोर्ट बिना किसी आधार के और शरारतपूर्ण हरकत है।''
भारत सरकार ने कहा, ''स्वास्थ्य मंत्रालय ने साइबर सुरक्षा शाखा इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) से इस मुद्दे को देखने को कहा है। और एक रिपोर्ट भी मांगी है।''
भारत सरकार की साइबर सुरक्षा शाखा इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने इस मामले की जांच शुरू की है।
द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक आईटी मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि स्वास्थ्य मंत्रालय के Co-Win ऐप के टेलीग्राम (मैसेजिंग ऐप) पर एक बॉट ने उल्लंघन किया है। हालांकि CERT-In इन मामलों की जांच कर रहा है।
कोविन ऐप को लेकर क्या-क्या किए गए दावे...?
कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत के कोरोना वैक्सीनेशन पोर्टल कोविन से कथित तौर पर नागरिकों के आधार कार्ड, पासपोर्ट और पैन कार्ड की जानकारी लीक हुई है। इसके अलावा उस शख्स ने किस शहर के वैक्सीन सेंटर से टीका लगवाई है, ये डेटा भी लीक हो गई है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि कोविन पर लोगों द्वारा दर्ज की गई सारी व्यक्तिगत जानकारी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर है। ट्विटर पर कई लोगों ने इसके स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया था कि टेलीग्राम बॉट पर जब आप कोविन पोर्टल के साथ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालेंगे तो आपको जेंडर, जन्मतिथि, वैक्सीनेशन सेंटर का नाम और वैक्सीनेशन के लिए इस्तेमाल किए गए ID कार्ड की डिटेल भी देखने को मिल जाएगी।
कोरोना वैक्सीनेशन के वक्त कई लोगों ने कोविन ऐप पर एक ही नंबर से परिवार के कई सदस्यों के लिए स्लॉट बुक किए थे। इसको लेकर रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगर एक मोबाइल नंबर से कई लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था तो टेलीग्राम बॉट पर उन सभी की डिटेल दिखेगी।












Click it and Unblock the Notifications