देश की 80% वयस्क आबादी को लगी कोविड वैक्सीन की दोनों डोज, आकड़ा 175 करोड़ के पार
नई दिल्ली, 20 फरवरी। भारत ने कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण मामले में एक और कीर्तिमान हासिल किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शनिवार को बताया कि देश की 80 फीसदी वयस्क आबादी को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक 175 करोड़ कोविड वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। इसमें पहली और दूसरी दोनों खुराकें शामिल हैं। मनसुख मंडाविया ने एक ट्वीट में कहा कि भारत ने अपनी 80 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोरोना वायरस वैक्सीन की दोनों खुराक देने का ऐतिहासिक मील का पत्थर पार कर लिया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने आगे कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'सबका प्रयास' के मंत्र के साथ देश 100 प्रतिशत टीकाकरण की ओर तेज गति से आगे बढ़ रहा है।' आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश की लगभग 96.5 प्रतिशत वयस्क आबादी को COVID-19 वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। आंकड़ों में कहा गया है कि 15-18 आयु वर्ग के 2 करोड़ से अधिक किशोरों को COVID-19 वैक्सीन की दोनों खुराकें मिली हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना के मामलों में कमी को देखते हुए चुनाव आयोग ने तत्काल प्रभाव से बहाल की स्टार प्रचारकों की अधिकतम सीमा
देश में कोरोना के आंकड़े
देश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर थम गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 20 फरवरी को, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 19,968 नए केस सामने आए हैं। 673 लोगों की कोरोना से मौत हुई। वहीं, इस दौरान कोरोना से 48,847 लोग ठीक हुए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 2,24,187 है। देश में वैक्सीनेशन आंकड़ा 1,75,37,22,697 (175.37करोड़) है। कोरोना से कुल हुई रिकवरी 4,20,86,383 है। वहीं डेली पॉजिटिविटी रेट 1.6 फीसदी है।












Click it and Unblock the Notifications