Covid 19 Updates: बीते 24 घंटे में देश में सामने आए कोरोना के 18,166 नए मामले, 214 मरीजों की मौत
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। देश में कोरोना के मामले पहले से तो कम हुए हैं लेकिन खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है और इसी वजह से सबको काफी सतर्क रहने की आवश्यकता है। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 18,166 नए केस सामने आए हैं और 214 लोगों की मौत हुई है, जबकि 23,624 लोग अस्पताल से ठीक होकर घर भी लौटे हैं। देश में इस वक्त एक्टिव केस 2,30,971 है, तो वहीं कुल मौत का आंकड़ा 4,50,589 पहुंच गया है, जबकि 3,32,71,915 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। जबकि कल तक देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 94,70,10,175 पहुंच गया है।
Recommended Video

भारत में कल तक कोविड के लिए 12,83,212 सैंपल टेस्ट किए गए हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR)ने कहा है कि शनिवार तक कुल 58,25,95,693 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 18,166 नए मामले 214 दिनों में आए सबसे काम मामले हैं, जबकि रिकवरी रेट 97.99% हो गया है।
केरल राज्य ने बढ़ाई चिंता
वैसे भले ही देश में कोरोना की स्थिति पहले से कम हुई है लेकिन केरल में कोरोना के केस बढ़ते ही जा रहे हैं। मालूम हो कि भारत के कोरोना के आधे से ज्यादा मामले अकेले केरल राज्य से आ रहे हैं, बीते 24 घंटे में केरल में कोरोना के 9,470 नए मामले सामने आए हैं और 101 लोगों की मौत हुई है, कल तक राज्य में 88,310 कोविड टेस्ट हुए हैं तो वहीं अगर मिजोरम की बातें करें तो बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1,170 नए मामले सामने आए और दो लोगों की मौत हुई है।

70% आबादी में एंटीबॉडीज विकसित
दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु राज्य में हालिया हुए सीरो सर्वे में ये बात सामने आई है कि राज्य में 70% आबादी ने कोरोना से लड़ने वाली एंटीबॉडीज विकसित कर ली है। मालूम हो कि ये सर्वे जुलाई-अगस्त का है। केरल, महाराष्ट्र और मिजोरम में जहां कोरोना ने अभी भी तंग किया हुआ है । वहीं दिल्ली में शनिवार को कोरोना के 30 नए मामले सामने आए और एक भी मौत नहीं हुई है, जो कि एक राहत की बात है। दिल्ली में अक्टूबर महीने में अब तक 1 मरीज की मौत कोरोना के कारण हुई है।

सबको सतर्क रहने की जरूरत
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की चीफ साइंटिस्ट सौम्या स्वामीनाथन ने कहा है कि तमाम कोशिशों के बााद अभी स्थिति थोड़ी सी संभली हुई है लेकिन फिर भी सभी को काफी ध्यान देने की जरूरत है,सबके दिमाग में ये बात प्रमुख रूप से होनी चाहिए कि कोरोना वायरस खत्म नहीं हुआ है और सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications