गुजरात आने वालों के लिए जरूरी खबर, अब निगेटिव RT-PCR रिपोर्ट के बिना 'नो एंट्री'
अहमदाबाद: अगर आप आगामी दिनों में गुजरात की यात्रा पर जाने वाले हैं, तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। जिसके तहत अब गुजरात आने वाले लोगों के पास कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट होनी जरूरी है। ये रिपोर्ट RT-PCR ही होनी चाहिए। वैसे ये आदेश सरकार ने रविवार को जारी किया था, जो आज यानी गुरुवार से लागू हो गया।

गुजरात स्वास्थ्य विभाग ने 28 मार्च को जारी अधिसूचना में कहा कि देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। ये भी देखने में आया है कि यात्रा करने वाले लोगों को कोरोना ज्यादा शिकार बना रहा है। जिस वजह से गुजरात आने वाले लोगों के लिए कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाना अनिवार्य है। ये रिपोर्ट 72 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही RT-PCR के अलावा कोई दूसरी रिपोर्ट मान्य नहीं होगी।
आपको बता दें कि गुजरात कोविड -19 महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित छह राज्यों में से है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोरोना के 85 प्रतिशत से अधिक मामलों के लिए महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु जिम्मेदार हैं। मौजूदा वक्त में गुजरात के अंदर अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट में स्थिति सबसे खराब है। जिसके चलते राज्य सरकार ने इन चार शहरों में 15 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications