तेलंगाना सीएम केसीआर का सुझाव, 14 अप्रैल के बाद दो हफ्ते और बढ़ाया जाए लॉकडाउन
नई दिल्ली। तेलंगाना सीएम ने कहा है कि लॉकडाउन को 14 अप्रैल को खत्म नहीं किया जाना चाहिए। इसे 14 अप्रैल के बाद दो हफ्ते के लिए बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने बीसीजी रिपोर्ट का हवाला देते हुए लॉकडाउन को दो हफ्ते बढ़ाने की सलाह दी है। तेलंगाना सीएम के. चंद्रशेखर राव ने सोमवार को इसका सुझाव दिया है। हालांकि इसकी अभी राज्य में लॉकडाउन बढ़ाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Recommended Video

केसीआर ने लॉकडाउन को बढ़ाने को लेकर कहा है, लॉकडाउन के अलावा लोगों को बचाने का कोई विकल्प नहीं है। इसलिए इसे आगे बढ़ाने का फैसला करना चाहिए। बड़े-बड़े देश इसके आगे बेबस हैं, हम यूके से ऊपर तो नहीं हैं। बता दें कि 25 मार्च को प्रधानमंत्री ने देशभर में 21 दिन के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया है। जो 14 अप्रैल को खत्म होगा।
तेलंगाना में कोरोना वायरस के अब तक 321 केस सामने आ चुके हैं। इस वायरस की वजह से अब तक राज्य में सात लोगों की मौत हो चुकी है। तेलंगाना से पहले यूपी सरकार भी इसी तरह का संकेत दे चुकी है। यूपी सरकार की तरफ से अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने कहा कि संवेदनशीलता बढ़ने के कारण 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन खुल पाएगा या नहीं, ये अभी कहा नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन से जितनी भी व्यवस्था बनाकर केसों को नियंत्रित किया गया है, अगर 1 भी केस प्रदेश में रह जाता है तो लॉकडाउन को खोलना उचित नहीं होगा, लॉकडाउन खुलने से पुनः वही स्थिति आ सकती है।
दुनिया के साथ-साथ भारत में भी कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है। करीब पूरी दुनिया के लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। यह वायरस अब तक 70,000 से ज्यादा जानें ले चुका है। दुनियाभर में करीब 13 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं। भारत में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 4067 हो चुकी है। देश में अभी तक 109 लोगों की मौत इससे हुई है। देश में इस समय 21 दिन का लॉकडाउन है, 14 अप्रैल को यह लॉकडाउन खत्म होगा।












Click it and Unblock the Notifications