COVID-19 India Cases: देश में एक्टिव केस 5,000 के करीब, मौतें 50 पार, 24 घंटे में महाराष्ट्र में 3 की डेथ
COVID-19 India Cases Today Update: देश में कोरोना वायरस एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। ताजा स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में COVID-19 के एक्टिव केस 4,866 तक पहुंच चुके हैं, जबकि कुल मौतें 51 हो चुकी हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पिछले 24 घंटों में ही 564 नए केस और 7 मौतें रिपोर्ट हुई हैं।
इन सात मौतों में से तीन महाराष्ट्र से थीं, जबकि दिल्ली और कर्नाटक में दो-दो मौतें दर्ज की गईं। इनमें से छह मृतक पहले से ही डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और निमोनिया जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे। एक पांच महीने का बच्चा भी इनमें शामिल था, जिसे सांस की समस्या थी।

नए वेरिएंट ने बढ़ाई चिंता
इस बार संक्रमण का कारण COVID-19 के नए वेरिएंट बताए जा रहे हैं, जिनमें LF.7, XFG, JN.1 और नया सबवेरिएंट NB.1.8.1 शामिल हैं। 22 मई को जहां सिर्फ 257 एक्टिव केस थे, अब यह संख्या करीब 5,000 हो गई है।
किस राज्य में कितने केस? 24 घंटे में कितनों की मौत?
- केरल: 1,487 एक्टिव केस (पिछले 24 घंटे में- 114 नए केस, कोई मौत नहीं)
- दिल्ली: 562 एक्टिव केस (पिछले 24 घंटे में- 105 नए केस, 2 मौतें)
- पश्चिम बंगाल: 538 एक्टिव केस (पिछले 24 घंटे में- 106 नए केस)
- महाराष्ट्र: 526 एक्टिव केस (पिछले 24 घंटे में- 16 नए केस, 3 मौतें)
- कर्नाटक: 436 एक्टिव केस (पिछले 24 घंटे में- 112 नए केस, 2 मौतें)
सरकार अलर्ट पर!
केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ऑक्सीजन और जरूरी दवाओं की स्टॉकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
क्या यह सिर्फ वायरल है या COVID-19?
डॉक्टरों के मुताबिक, COVID और सामान्य वायरल में फर्क करना मुश्किल हो सकता है क्योंकि दोनों में बुखार, थकान, गले में खराश जैसे लक्षण होते हैं। ऐसे में टेस्ट कराना जरूरी है।
किन्हें ज्यादा खतरा है?
65 साल से ऊपर के बुजुर्ग, डायबिटीज, अस्थमा, दिल, किडनी या फेफड़ों की बीमारी वाले लोग, मोटे और HIV संक्रमित लोग अधिक जोखिम में हैं।
बचाव के लिए क्या करें?
अगर लक्षण दिखें तो तुरंत टेस्ट कराएं। मास्क पहनें, घर में साफ-सफाई पर ध्यान दें। बुखार बढ़े या सांस लेने में दिक्कत हो तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें।












Click it and Unblock the Notifications