देश में कोरोना के कुल केस 3 करोड़ के पार, पिछले 24 घंटों में मिले 50848 नए मरीज
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में मंगलवार को दिखी गिरावट के बाद बुधवार को एक बार फिर उछाल आया।
नई दिल्ली, 23 जून: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में मंगलवार को दिखी गिरावट के बाद बुधवार को एक बार फिर उछाल आया और एक दिन में 50 हजार से ज्यादा केस मिले। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के कुल 50,848 नए मरीज मिले हैं, जबकि संक्रमण के कारण 1358 लोगों की मौत हुई है। मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों की संख्या 42640 और मृतकों का आंकड़ा 1167 था। नए मरीज मिलने के साथ ही देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 3,00,28,709 हो गए हैं।
Recommended Video

हालांकि राहत की एक बड़ी बात यह है कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट लगातार सुधर रहा है और फिलहाल बढ़कर 96.56 फीसदी तक पहुंच गया है। रिकवरी रेट बढ़ने के कारण देश में इस समय कोरोना के एक्टिव केस केवल 6,43,194 ही बचे हैं, जो पिछले 82 दिनों में सबसे कम हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट भी कम हो रहा है, जो इस समय 2.67 फीसदी है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि दूसरी लहर का प्रकोप कम होने के बावजूद लोगों को कोविड प्रोटोकॉल के पालन में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।

डेल्टा वेरिएंट ने बढाई चिंता
आपको बता दें कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार कम होने के साथ ही देश में तीसरी लहर को लेकर भी आशंकाएं बढ़ने लगी हैं। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट डेल्टा प्लस को एक बड़े खतरे के तौर पर देखा जा रहा है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि भारत सहित दुनिया के 80 देशों में कोरोना का डेल्टा वेरिएंट मिला है। कोरोना का ये नया वेरिएंट एक बड़ी चिंता है। इसके अलावा दुनिया के 9 देशों- अमेरिका, यूके, पुर्तगाल, स्विट्जरलैंड, जापान, पोलैंड, नेपाल, चीन और रूस में डेल्टा प्लस वेरिएंट पाया गया है। भारत में भी डेल्टा प्लस वेरिएंट के 22 केस अभी तक मिल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications