COVID-19: आज भी साढ़े 3 हजार से अधिक कोरोना मामले, एक्टिव केस 19,000 के पार
COVID-19: आज भी साढ़े 3 हजार से अधिक कोरोना मामले, एक्टिव केस 19,000 के पार
नई दिल्ली, 06 मई: देश में एक बार फिर कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय के नवीनतम अपडेट के अनुसार, शुक्रवार (06 मई) को सुबह 8 बजे तक भारत में पिछले 24 घंटों में 3,545 नए कोविड मामले सामने आए हैं। इस दौरान कोरोना से 27 लोगों की मौत हुई है। बीते 24 घंटों में 3,549 लोग रिकवर हुए हैं।
Recommended Video
देश में एक्टिव केसों की संख्या 19 हजार के पार
भारत में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 19 हजार के पार चली गई है। वर्तमान आंकड़ा 19,688 हैं। देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 4,30,94,938 हो गया। 27 और लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,24,002 हो गई।
देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 189.81 करोड़
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दैनिक सकारात्मकता दर 1.07 प्रतिशत थी, जबकि साप्ताहिक सकारात्मकता दर 0.70 प्रतिशत थी। 3,500 से अधिक लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हुए हैं, जिससे देश में कोविड से ठीक होने वालों की कुल संख्या 4,25,51,248 हो गई है। देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 1,89.81,52,695 है।
WHO का दावा भारत में कोरोना से 47.4 लाख लोगों की हुई मौत
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने गुरुवार (05 मई) को दावा किया है कि कोरोना वायरस से भारत में 2020 और 2021 में 47.4 लाख लोगों की मौत हुई है, या तो सीधे कोरोना संक्रमण के कारण हुई है या इसके अप्रत्यक्ष प्रभाव से। बता दें कि भारत द्वारा विवादित यह आंकड़ा, 2021 के अंत में देश के आधिकारिक कोविड की मृत्यु के 4.81 लाख का लगभग दस गुना है।