पीएम मोदी के बर्थडे पर बना कोरोना वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड, ढाई करोड़ को लगा टीका
नई दिल्ली, 17 सितंबर: कोरोना टीकाकरण शुरू होने के बाद शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा लोगों को टीके लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर को विशेष टीकाकरण अभियान के तहत करीब ढाई करोड़ वैक्सीन डोज दी गई हैं। जो कि एक रिकॉर्ड है। कोविन पर दिए गए डाटा के मुताबिक, रात 12 बजे तक देशभर में कुल 2.50 करोड़ डोज लगाई गई हैं। सरकार ने पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सवा दो करोड़ टीके लगाने का लक्ष्य रखा था, जिससे ज्यादा टीके लगे हैं। दुनिया में चीन के नाम एक दिन में सबसे ज्यादा 2.47 करोड़ कोरोना वैक्सीन डोज देने का रिकॉर्ड था, जो अब भारत ने तोड़कर अपना नाम कर लिया है।
Recommended Video

देश में आज दो करोड़ से ज्यादा डोज पहली बार दी गई हैं। इससे पहले तीन बार एक करोड़ से ज्यादा टीके लगे हैं। देश में छह सितंबर, 31 अगस्त, 27 अगस्त को एक करोड़ से अधिक खुराकें दी गई थीं। जिसके बाद आज दो करोड़ से ज्यादा टीके लगे हैं।
टीकाकरण अभियान के तहत आज दोपहर एक बजकर 30 मिनट तक देश में एक करोड़ टीके दिए जा चुके थे। इसके बाद पांच बजे तक ये आंकड़ा दो करोड़ के आंकड़े को पार कर गया। फिर 12 बजे तक ढाई करोड़ डोज लगीं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश ने अब तक सबसे तेज एक करोड़ खुराकें देने का आंकड़ा पार कर लिया है। मुझे विश्वास है की आज हम सब टीकाकरण का नया कीर्तिमान बना प्रधानमंत्री जी को उपहार देंगे।
16 जनवरी को हुई थी टीकाकरण की शुरुआत
देश में टीकाकरण अभियान को आठ महीने हो गए हैं। देश में 16 जनवरी को एंटी कोविड वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शुरुआत हुई थी। 1 मई को 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। केंद्र सरकार के मुताबिक, टीकाकरण के 10 करोड़ आंकड़े तक पहुंचने में 85 दिन लगे। अगले 45 दिन में 20 करोड़, इसके 29 दिन बाद 30 करोड़ के आंकड़े पर देश पहुंचा। 30 करोड़ से 40 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 24 दिन लगे और इसके 20 दिन बाद छह अगस्त को 50 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गए। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 13 सितंबर को देश ने टीकाकरण के 75 करोड़ के आंकड़े को पार किया। देश में अब तक कुल 78.68 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications