Coronavirus के डर से घर पहुंचे मजदूरों का दिल दहना देने वाला VIDEO, प्रशांत किशोर ने नीतीश को ठहराया कसूरवार
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खौफ से देश के अलग-अलग राज्यों से मजदूरों के पलायन करने की भयावह तस्वीर आपने देखी होगी। लेकिन इससे भी दहला देने वाली तस्वीर बिहार में सामने आई है। बाहर काम करने वाले मजदूर जब बिहार अपने घर लौटे तो उन्हें बंद कर दिया गया है। वो रो रहे हैं और आजाद किए जाने की दुहाई दे रहे हैं। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सोमवार सुबह एक वीडियो ट्वीट किया है, और कोरोनावायरस के कहर से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा अपनाए गए तरीके को 'डरावनी तस्वीर' करार देते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कसूरवार ठहराया है।

प्रशांत किशोर ने #NitishMustQuit हैशटैग के साथ ट्विटर पर लिखा, "कोरोनावायरस की महामारी से बचने के लिए सरकारी प्रयासों की एक और डरावनी तस्वीर... बहुत-सी मुश्किलों का सामना करने के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से लौटे गरीब लोगों को क्वारैन्टाइन करने और सोशल डिस्टेंन्सिंग बनाए रखने के लिए नीतीश कुमार द्वारा दिल दहला देने वाला इंतजाम किया गया है..."। बताया जाता है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश के साथ सटी राज्य की सीमा पर स्थित सीवान में बनाया गया है, जो सूबे की राजधानी पटना से 130 किलोमीटर दूर है।
चारों तरफ से ठसाठस भरे हुए शेड में मौजूद एक शख्स ने रूमाल से मुंह ढकते हुए पत्रकार को रोते-रोते बताया, "सुबह से हमें बता रहे हैं कि हम आपको जाने देंगे, बस आ रही है... लेकिन कोई बस नहीं है... वे हमें जाने नहीं दे रहे हैं..."। इस शख्स ने कहा, "कृपया हमें बाहर निकलने में मदद कीजिए... हमें कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ हमें जाने दीजिए..." इस शख्स के आसपास खड़े कई लोग रोते नज़र आ रहे हैं। शेड में मौजूद लोग ताला लगे जंगले में से हाथ बाहर निकालकर कागजात दिखा रहे हैं, और मदद की गुहार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications