कोरोना के कहर के बावजूद 50 फीसदी लोग नहीं पहन रहे हैं मास्क: स्वास्थ्य मंत्रालय
नई दिल्ली, 20 मई: देश में कोरोना अपना कहर बरपा रहा है लेकिन आधे यानी करीब 50 प्रतिशत लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं। वहीं मास्क पहनने वालों में से 64 फीसदी लोग ऐसे हैं, जो ठीक से मुंह पर मास्क रखते हैं लेकिन नाक नहीं ढकते हैं। 20 फीसदी लोग ठोडी पर मास्क रखते हैं और दो फीसदी गले में लटकाए रहते हैं। देश में 14 फीसदी ही एकदम सही तरीके से मास्क पहनते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक स्टडी का हवाला देते हुए ये दावा किया है।
Recommended Video

कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर प्रेस वार्ता में गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने जानकारी दी है कि देशभर में मास्क पहनने को लेकर जागरुकता के तमाम कार्यक्रमों के बावजूद मास्क ना पहनना और नाक के नीचे मास्क पहनना एक बड़ी समस्या है। स्टडी कहती है कि सिर्फ 14 फीसदी लोग ही देश में ठीक से मास्क पहनते हैं। मास्क पहनने को लेकर 25 शहरों में ये सर्वे किया गया है।
देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर लव अग्रवाल ने जानकारी दी है कि देशभर में 3 मई को सक्रिय मामले 17.13 फीसदी थे, वे अब 12.1 प्रतिशत रह गए हैं। रिकवरी रेट 81.7 से बढ़कर 86.7 फी सदी हो गई है। पिछले 10 दिनों में सक्रिय मामलों और रिकवर मामलों की तुलना करें तो 10 में से 9 दिनों को रिकवर मामले ज्यादा दर्ज किए गए। देश के कुल सक्रिय मामलों का 69 फीसदी सिर्फ 8 राज्यों में हैं।
आईसीएमआर डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने कहा है कि एंटीजन टेस्ट बढ़ाए जाने की जरूरत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस वार्ता में आज उन्होंने कहा कि किसी में कोरोना के लक्षण दिखने पर उसे जल्दी से आइसोलेट किया सके, इसके लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट ज्यादा करने की जरूरत है। घर पर ही कोविड टेस्ट की सुविधा को लेकर उन्होंने बताया कि होम टेस्टिंग के लिए एक कंपनी का आवेदन मिल चुका है, वहीं तीन कंपनियां पाइपलाइन में हैं। अगले हफ्ते ये तीन कंपनी भी हमारे पास होंगी।












Click it and Unblock the Notifications