कोरोना का कहर तेज, क्या नए वेरिएंट JN.1 के लिए फिर से लगवानी होगी वैक्सीन? जानिए जवाब
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट जेएन1 (JN.1) के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत में भी इसके कई मरीज मिलने से लोगों के बीच दहशत का माहौल है। नए वैरिएंट के संक्रमण के रोक-थाम और इससे बचाव के लिए अलग-अलग राज्य सरकार एडवाइजरी भी जारी कर चुकी है। लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल ये चल रहा है कि क्या उन्हें अब फिर से इस नए वेरिएंट के लिए टीका लगवाना होगा या फिर कोरोना के समय पर लगवाए गए वैक्सीन और बूस्टर डोज इस वेरिएंट से बचाव में भी असरदार होगा ?
सीरम इंस्टिट्यूट जिसने कोरोना महामारी के दौरान भारत में कोविशील्ड वैक्सीन का निर्माण किया था, का कहना है कि नए वेरिएंट के लिए नए टीके बनाए जा रहे हैं। इंस्टिट्यूट का कहना है कि नई वैक्सीन के लिए लाइसेंस हासिल करने को लेकर अप्लाई करने की तैयारी जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीरम के प्रवक्ता का कहना है कि नई वैक्सीन को जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा,"हम फिलहाल XBB1 वेरिएंट वैक्सीन ऑफर कर रहे हैं जो कि यूएस और यूरोप में JN1 वेरिएंट के समान है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले महीनों में इस वैक्सीन के लिए भारत में लाइसेंस हासिल करना है। हम रेगुलेटर्स को जरूरी कागजात सौंपने की तैयारी कर रहे हैं जिसका मकसद इसे लोगों के लिए उपलब्ध कराना है।"
सीरम इंस्टिट्यूट ने किया था कोविशील्ड वैक्सीन का निर्माण
कोरोना महामारी के दौरान सीरम इंस्टीट्यूट ने कोरोना के खिलाफ भारत में कोविशील्ड वैक्सीन का निर्माण किया था। 1 जनवरी 2021 को ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका वैक्सीन (कोविशील्ड) के इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दी थी। कोरोना के इस वैक्सीन को अब तक 49 देशों में मंजूरी मिल चुकी है।
सीरम इंस्टिट्यूट अमेरिका स्थित वैक्सीन निर्माता नोवावैक्स इंक के लाइसेंस पर कोवोवैक्स का भी निर्माण करती है। इस कंपनी को 1966 में टीकों के निर्माण के लिए डॉ. साइरस एस पूनावाला की अध्यक्षता वाले पूनावाला ग्रुप ने पार्टनरशिप फर्म के तौर पर खड़ा किया था। मई 1984 में इसे पब्लिक लिमिटेड कंपनी और फिर अक्टूबर 2015 में प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में मान्यता मिली।
गुरुवार को मिले 594 नए मरीज, अब तक 6 की मौत
भारत में गुरुवार, 21 दिसंबर को कोरोना वायरस के 594 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही देश में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 2,669 हो गई। बुधवार को एक्टिव केस की संख्या 2,331 थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.50 करोड़ (4,50,06,572) हो गई है। जबकि 6 मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,33,327 हो गई। कोरोना संक्रमण से हाल में अपनी जान गंवाने वाले 6 मरीजों में से केरल के तीन, कर्नाटक के दो और पंजाब का एक मरीज शामिल है।
आपको बता दें, इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,70,576 हो गई है और स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। कोरोना संक्रमण से जान गंवाने की दर 1.19 फीसदी है। देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत 220.67 करोड़ वैक्सीन की डोज दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications