देश में डराने लगा कोरोना, 146 दिन बाद सबसे अधिक मामले, मृतकों की संख्या में भी इजाफा
Covid Cases In India: देश में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इनमें आठ राज्यों में तेजी से संक्रमण फैल रहा है। आज 146 दिन बाद देश में सर्वाधिक मरीज सामने आए हैं।

देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ गई है जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार के आंकड़ों के मुताबिक देश में 146 दिन बाद सबसे अधिक कोरोना के मामले सामने आए हैं। इसके तहत बीते 24 घंटों में देश में 1,590 मामले सामने आए हैं साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 8601 हो गई है। वहीं इस दौरान छह मरीजों की मौत भी हो गई जिससे कुल कोरोना मृतकों की कुल संख्या 5,30,819 हो गई है।
महाराष्ट्र में सर्वाधिक तीन मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना महामारी से छह और मरीज की मौत हो गई। जिनमें तीन महाराष्ट्र से और एक-एक कर्नाटक, राजस्थान और उत्तराखंड से है। बढ़ती मृतकों की संख्या के बाद सरकार सतर्क हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक जिन आठ राज्यों में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं वे हैं- महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान।
दैनिक संक्रमण दर 1.33 फीसदी
वहीं भारत में दैनिक संक्रमण दर की बात करें तो यह 1.33 फीसदी और साप्ताहिक दर 1.23 फीसदी हो गई है। देश में अभी 8,601 लोगों का इलाज चल रहा है जो कि कुल मामलों का 0.02 फीसदी है। मरीजों के ठीक होने का राष्ट्रीय दर 98. 79 फीसदी है। देश में बीते 24 घंटों में 1,19,560 सैंपल की जांच की गई है। देश में बीते 24 घंटों में 910 लोग कोरोना से स्वस्थ हुए जिससे अब तक कुल 4,41,62,832 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.19 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना रोधी टीकों की 220.65 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications