बिहार में RJD कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर पर विवाद, नीतीश कुमार को राम और पीएम मोदी को दिखाया रावण
महागठबंधन के नेता नीतीश कुमार को लेकर RJD कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर पर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। पोस्टर में नीतीश कुमार को भगवान राम और कृष्ण बताया गया है, जबकि पीएम मोदी को रावण और कंस दर्शाया है।

Nitish Kumar PM Modi Poster: बिहार में महागठबंधन की सरकार है। बीजेपी से नाता जोड़कर जेडीयू नेता व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद (RJD) के साथ मिलकर सरकार बना ली, जिसके बाद दोनों ही दल बीजेपी पर लगातार हमलावर हैं। अब शनिवार को उस वक्त एक पोस्टर पर विवाद खड़ा हो गया, जिसमें सीएम नीतीश कुमार को भगवान राम/कृष्ण और पीएम मोदी को रावण/कंस के रूप में दिखाया गया है।
राजद कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर पर विवाद
बिहार की राजधानी पटना में राजद कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर लगाए गए एक पोस्टर पर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। आने वाले 2024 लोकसभा चुनावों को लेकर यह पोस्टर अब विवादों में है। जिसमें नीतीश कुमार की जीत दिखाई गई है। नीतीश कुमार को लेकर बनाया गया यह पोस्टर पटना में आरजेडी नेता राबड़ी देवी के आवास और राजद कार्यालय के बाहर लगाए गए हैं।
नीतीश कुमार 'राम' और पीएम मोदी 'रावण'
पोस्टर में रामायण और महाभारत के बारे में बताया गया है। इतना ही नहीं महागठबंधन के नेता नीतीश कुमार को भगवान राम/कृष्ण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रावण/कंस के रूप में दर्शाया है। पोस्टर को तीन हिस्सा में बांटा गया है, पहले में भगवान राम ने रामायण में रावण को हराया और दूसरे में भगवान कृष्ण ने महाभारत में कंस को हराया। तीसरे और आखिरी हिस्से में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले महागठबंधन को 2024 के लोकसभा चुनावों में पीएम मोदी को हराते हुए दिखाया गया है।
बीजेपी ने साधा निशाना
इस पोस्टर में छपरा की प्रदेश महासचिव पूनम राय की तस्वीर के साथ महागठबंधन जिंदाबाद के नारे भी लिखे गए हैं। पोस्टर पर बयान देते हुए न्यूज एजेंसी एएनआई से बीजेपी प्रवक्ता नवल किशोर यादव ने कहा, "नीतीश कुमार सभी विपक्षी नेताओं में नए हैं, चाहे वह मायावती हों, अखिलेश यादव हों, ममता बनर्जी और नवीन पटनायक हों। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2034 तक सत्ता में रहेंगे। उन्हें कोई नहीं हरा सकता।" इधर, पोस्टर पर राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि हमें नहीं पता कि ये पोस्टर किसने लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications