आर्यन के जेल जाने पर राहुल ने शाहरुख खान को लिखा था लेटर, कहा-सच को देर तक बंधक नहीं बना सकते
नई दिल्ली, 03 नवंबर: क्रूज ड्रग्स मामले में आर्यन खान की गिरफ्तारी के दौरान बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान को ना सिर्फ बॉलीवुड से बल्कि राजनीतिक दलों की ओर से भी समर्थन मिला है। इसमें फिल्मी बिरादरी से जुड़े लोगों के अलावा महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता भी शामिल थे। अब एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस दौरान शाहरुख को लेटर लिखा था।
Recommended Video

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कथित तौर पर पिछले महीने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और गौरी खान को पत्र लिखकर उनके साथ एकजुटता व्यक्त की थी। राहुल ने उन्हें 14 अक्टूबर को पत्र लिखा था। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, राहुल गांधी ने उन्हें पत्र लिखकर कहा कि मुझे इस बात का खेद है कि उन्हें कठिनाइयों से गुजरना पड़ा। उन्होंने पत्र में कहा: "कोई भी बच्चा इस तरह का व्यवहार का हकदार नहीं है।
राहुल गांधी ने अपने पत्र में आगे लिखा कि, सच्चाई को अधिक समय तक बंधक नहीं बनाया जा सकता है। अपने किसी प्रियजन को इस तरह की स्थिति में देखना आसान नहीं है। मैं जानता हूं कि आप दयालु हैं और समाज में आपने यश कमाया है। इसलिए मैं आपके परिवार के लिए इतना व्यापक समर्थन देख पा रहा हूं। लेटर को लेकर ना तो राहुल गांधी और ना ही शाहरुख की ओर से किसी भी तरह की पुष्टि की गई है।
हालांकि, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यदि इस तरह का कोई लेटर है तो इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है। क्योंकि यह राहुल गांधी और शाहरुख खान के बीच की व्यक्तिगत बातचीत है। आर्यन खान को 3 अक्टूबर को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उस समय गिरफ्तार किया था जब एजेंसी ने गोवा जा रहे एक क्रूज पर छापेमारी की थी। मुंबई के ऑर्थर रोड जेल में 22 दिन बिताने के बाद 30 अक्टूबर को वह बाहर आए। 28 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत दी थी।












Click it and Unblock the Notifications