सिद्धू बोले- मुझे फैसले नहीं लेने दोगे तो ईंट से ईंट बजा दूंगा, हरीश रावत ने दिया ये जवाब
सिद्धू के 'फैसले लेने की आजादी नहीं' के बयान पर बोले रावत, उनके अलावा कौन ले सकता है निर्णय
नई दिल्ली, 27 अगस्त: पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने नवजोत सिंह सिद्धू के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनको फैसले लेने की पूरी आजादी नहीं है। शुक्रवार को हरीश रावत ने कहा कि मैंने सिद्धू के बयान के बारे में सुना है लेकिन मैं मीडिया में चल रही बातों और अटकलों के आधार पर उनसे सवाल नहीं कर सकता। मैं बयान का संदर्भ देखूंगा और उसके बाद ही फैसला होगा कि उन्होंने किसलिए ये कहा है।
Recommended Video

नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से फैसले लेने में आजादी की कमी होने को लेकर किए गए कमेंट पर हरीश रावत ने ये भी कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के प्रमुख हैं, अगर उनको फैसले लेने की आजादी नहीं है तो किसको है, उनके अलावा और कौन निर्णय ले सकता है?
क्या कहा था सिद्धू ने
नवजोत सिंह सिद्धू ने एक कार्यक्रम में कहा था कि वो पंजाब के लोगों की सेवा के लिए राजनीति में हैं और कोशिश कर रहे हैं कि लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरें। मैं लोगों के लिए काम करता रहूंगा और ये भी साफ कर देना चाहता हूं कि अगर मुझे फैसले नहीं लेने दिए जाएंगे तो ईंट से ईंट बजा दूंगा।
नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार के बयान पर और एक बार फिर पंजाब कांग्रेस में सबकुछ ठीक ना होने को लेकर हरीश रावत ने कहा कि पंजाब में सब चीजें ठीक से चल रही हैं और पार्टी में भी कोई खटपट नहीं है। राज्य में चुनाव आ रहे हैं और चुनाव जब नजदीक होते हैं तो थोड़ी हलचल होती है। इससे ज्यादा कुछ नहीं है। इन बातों का ये मतलब नहीं है कि सबकुछ सामान्य नहीं है या किसी में कोई झगड़ा है।
पंजाब कांग्रेस में काफी समय से चल रही तनातनी
पंजाब में कांग्रेस पार्टी के नेताओं में काफी समय से तनातनी देखने को मिल रही है। एक और नवजोत सिंह सिद्धू का खेमा है तो दूसरी ओर सीएम अमरिंदर सिंह। काफी समय तक सिद्धू के नाराज रहने के बाद उनको पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। जिसके बाद माना जा रहा था कि अब राज्य में पार्टी में सब ठीक रहेगा लेकिन हाल ही में सिद्धू के सलाहकारों की ओर से कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर दिए बयान के बाद फिर से माहौल गर्मा गया है।
वहीं गुरुवार को पंजाब के 4 मंत्री और 3 विधायक पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत से मिलने देहरादून पहुंच गए। उन्होंने रावत से कहा कि वो पार्टी की जीत की संभावनाओं को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि हमारा विरोध किसी व्यक्ति से नहीं है। हम चाहते हैं कि चुनाव में हम एक स्पष्ट रोडमैप के साथ जाएं। ऐसे में साफ है कि अभी भी पंजाब कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications