Congress President का चुनाव हार गए शशि थरूर, लेकिन इस मामले में 'जीत' की दर्ज
Congress President Election Result: कांग्रेस पार्टी को बुधवार को नया अध्यक्ष मिल गया। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में वरिष्ठ पार्टी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारी मतों से जीत दर्ज की है। इस चुनाव में चाहे दूसरे उम्मीदवार शशि थरूर की बुरी तरह से हार हुई हो, लेकिन उनको पिछले दो कांग्रेस अध्यक्ष चुनावों में हारने वाले उम्मीदवारों की तुलना में ज्यादा वोट मिले हैं।

अध्यक्ष चुनाव हारे, लेकिन इस मामले में जीते
कांग्रेस नेता शशि थरूर अध्यक्ष चुनाव हार गए, लेकिन 2000 और 1997 में हुए शीर्ष पार्टी पद के चुनाव में हारने वाले उम्मीदवारों की तुलना में ज्यादा वोट हासिल करने में सफल रहे हैं। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बुधवार को घोषणा की कि कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में हुए 9385 वोटों में से मल्लिकार्जुन खड़गे को 7897 वोट और थरूर को 1072 वोट मिले, जबकि 416 वोट अवैध घोषित किए गए।

शशि थरूर को मिले 12 फीसदी वोट
ऐसे में शशि थरूर को कुल वैध वोटों में से करीब 12 फीसदी वोट हासिल हुए हैं। साल 2000 के पिछले पार्टी चुनाव में यह जितेंद्र प्रसाद थे, जिन्होंने सोनिया गांधी को टक्कर दी थी। प्रसाद को भी सोनिया गांधी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा, जिन्होंने 7448 वोट (वैध वोटों का 98.76 प्रतिशत) हासिल किया, जबकि प्रसाद ने कथित तौर पर 94 वोट (वैध वोटों का 1.24 प्रतिशत) मिले थे।

जानिए साल 1997 का आंकड़ा
वहीं 1997 में सीताराम केसरी ने शरद पवार और राजेश पायलट के साथ त्रिकोणीय मुकाबले में जीत हासिल की थी। केसरी ने पवार के 882 (11.82 प्रतिशत) और पायलट के 354 (4.75) के मुकाबले 6224 प्रतिनिधियों के वोट (वैध मतों का 83.43 प्रतिशत) हासिल करते हुए बड़ी जीत दर्ज की थी।

हार के बाद शशि थरूर का बयान
हार के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने ट्वीट करते हुए कहा कि "कांग्रेस का अध्यक्ष बनना एक बहुत बड़ा सम्मान और एक बड़ी जिम्मेदारी है और मैं मल्लिकार्जुन खड़गे जी की उस कार्य में सफलता की कामना करता हूं। एक हजार से अधिक सहयोगियों का समर्थन प्राप्त करना और पूरे भारत में कांग्रेस के इतने शुभचिंतकों की आशाओं और आकांक्षाओं को आगे बढ़ाना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी।












Click it and Unblock the Notifications