जब भी पीएम मोदी की लोकप्रियता गिरती है, उनकी हत्या की साजिश की खबर आती है- कांग्रेस
नई दिल्लीः हाल ही में पुणे पुलिस ने एक लेटर पेश करते हुए दावा किया है कि माओवादी पीएम मोदी की 'राजीव गांधी की तरह हत्या' करने की साजिश रच रहे थे। इस खबर पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता संजय निरुपम का कहना है कि जब भी पीएम मोदी की लोकप्रियता गिरती है उनकी हत्या की साजिश की खबर आ जाती है। पहले लेटर मिलने के बाद कांग्रेस ने जांच की मांग की थी।

संजय निरुपम ने पुणे पुलिस के दावे पर सवाल उठाए
कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने पुणे पुलिस के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि "मैं यह नहीं कह रहा हूं कि यह पूरी तरह से असत्य है। लेकिन, यह प्रधानमंत्री मोदी की पुरानी रणनीति है क्योंकि जब वो मुख्यमंत्री थे तो भी, जब भी उनकी लोकप्रियता में कमी आती उनकी हत्या की साजिश की खबर आ जाती। इसलिए इस पर जांच की जानी चाहिए कि इस बार इसमें कितनी सच्चाई है।

पुणे पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार
पीएम मोदी की हत्या की साजिश के आरोप में पुणे पुलिस ने बुधवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि इन पांचों का संबंध प्रतिबंधित सीपीआई-माओवादी संगठन से है। गिरफ्तार किए गए पांचों लोगों के नाम दलित एक्टिविस्ट सुधीर धावले, वकील सुरेंद्र गडलिंग, एक्टिविस्ट महेश राउत, शोमा सेन और रोना विल्सन हैं। पुलिस द्वारा दावा किया जा रहा है कि ये 'अरबन माओइस्ट' के शीर्ष नेता हैं।

पुणे पुलिस को मिली थी चिट्ठी
पुणे पुलिस को जो चिट्ठी मिली हैं उसमें आठ करोड़ रुपये इकट्ठा करने की बात कही गई है। एम-4 राइफल और 4 लाख राउंड कारतूस खरीदने की बातें भी चिट्ठी में कही गई हैं। इस चिट्ठी में राजीव गांधी जैसी घटना' की भी बात की गई है।












Click it and Unblock the Notifications