'मणिपुर की तुलना बिहार, पश्चिम बंगाल-राजस्थान से कैसे की जा सकती है', बीजेपी पर हमलावर चिदंबरम
P Chidambaram On Manipur Video: मणिपुर हिंसा के बीच हाल ही में कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने का शर्मनाक वीडियो सामने आया है। विपक्ष महिलाओं और हिंसा के मामले में केंद्र और मणिपुर सरकार को घेर रहा है। विपक्ष की आलोचना के जवाब में भाजपा नेताओं ने विपक्ष के नेतृत्व वाली राज्य सरकारों पर हमला बोला है।
महिलाओं के खिलाफ हिंसा को लेकर विपक्षी दलों पर भाजपा के हमले के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने पलटवार करते हुए बीजेपी पर करारा हमला बोला है।

उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि मणिपुर की स्थिति की तुलना बिहार, पश्चिम बंगाल और राजस्थान जैसे राज्यों से कैसे की जा सकती है?
'मणिपुर हिंसा को कैसे माफ करता है?'
हिंसा प्रभावित मणिपुर में कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाते हुए दिखाए गए वायरल वीडियो से राजनीतिक बयानबाजी तेज हो रही है। इसी कड़ी में अब पी चिदंबरम ने ट्वीट करते हुए कहा कि "मान लीजिए कि बिहार, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं हुईं। यह मणिपुर में जारी और अनवरत हिंसा को कैसे माफ करता है?"
बीजेपी पर करारा हमला
कांग्रेस नेता ने कहा कि "मणिपुर की स्थिति की तुलना बिहार, पश्चिम बंगाल और राजस्थान की स्थिति से कैसे की जा सकती है? केंद्र सरकार न केवल अक्षम और पक्षपातपूर्ण रही है, बल्कि जब वह घृणित तुलनाओं के पर्दे के पीछे छिपती है तो वह संवेदनहीन और क्रूर भी हो जाती है।"
'मणिपुर की सरकार नाकाम हो गई'
उन्होंने आगे कहा, "यदि बिहार, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है, तो निश्चित रूप से राज्य सरकारों को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दें, लेकिन इससे मणिपुर में हो रही बर्बरता को माफ नहीं किया जा सकता। मणिपुर की सरकार नाकाम हो गई है, भारत सरकार स्वप्रेरित कोमा में है।"












Click it and Unblock the Notifications