'मित्र काल में बस जनता की जेब कटी...', LPG के दाम बढ़ने पर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर तंज
एलपीजी के दाम बढ़ गए हैं, जिसको लेकर राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तंज कसा है।

होली के त्योहार से पहले जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा, जहां घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 350 रुपये का इजाफा हुआ। इस बढ़ोतरी को लेकर विपक्षी दल लगातार सरकार पर हमलावर हैं। अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के वक्त सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में भी बताया।
राहुल गांधी ने एक चार्ट शेयर किया है। जिसमें उन्होंने बताया कि कांग्रेस के शासन काल 2014 में सिलेंडर के दाम 410 रुपये थे, उस पर सरकार 827 रुपये की सब्सिडी देती थी। अब बीजेपी के शासनकाल में सिलेंडर के दाम 1103 रुपये हो गए हैं। उस पर जीरो रुपये की सब्सिडी मिल रही है। राहुल ने इसके साथ लिखा कि कांग्रेस काल में जहां मिली सब्सिडी से राहत, 'मित्र काल' में बस जनता की जेब कटी, और देश की संपत्ति 'मित्र' को खैरात में बटी।
एक अन्य ट्वीट में राहुल गांधी ने अडानी मामले को लेकर मोदी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि LIC को अडानी ग्रुप के शेयर्स के भाव गिरने के कारण अपने निवेश में हर दिन लगभग 1000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। देश पूछ रहा है- आखिर किसके दबाव में, LIC-SBI ने जनता की कमाई अडानी पर लुटाई?
ये हैं नए दाम
आपको बता दें कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है, जिसके बाद सिलेंडर के दाम 1103 रुपये हो गए। वहीं कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम की बात करें तो इसमें 350.50 रुपये बढ़ाए गए। ऐसे में अब 19 किलो का सिलेंडर 2119.50 रुपये में मिलेगा। एक्सपर्ट्स के मुताबिक देश में एलपीजी गैस की कीमतों के बढ़ने का एक सबसे बड़ा कारण रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होना है।












Click it and Unblock the Notifications