बेंगलुरु: भड़काऊ पोस्ट के चलते कांग्रेस विधायक के घर तोड़फोड, आगजनी
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के आवास पर तोड़फोड़ की गई है। कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने उनके घर की तोड़फोड़ की और आग लगा दी। बताया जा रहा है कि, ये पूरा विवाद विधायक श्रीनिवास मूर्ति के भतीजे के कथित तौर पर किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ है। इसके बाद बड़ी संख्या में आए उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया। फिलहाल विधायक के घर के बाहर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के भतीजे की सोशल मीडिया पर डाली गई एक पोस्ट के बाद लोग भड़क गए। उनका कहना था कि इस पोस्ट ने उनकी भावनाओं को आहत किया है। मंगलवार देर रात अचानक बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के आवास पर भारी संख्या में लोग जुट गए। इस दौरान जमकर नारेबाजी के साथ कुछ उपद्रवियों ने विधायक के आवास पर तोड़-फोड़ किया।
बवाल बढ़ने पर तुरंत ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू करने की कोशिश की। कांग्रेस विधायक के आवास पर हुए हंगामे को लेकर कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि उपद्रवियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए लेकिन बवाल किसी भी बात का हल नहीं है। वहीं विधायक के घर के बाहर बल तैनात किए जाने के बाद लोगों ने डीजे हल्ली पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
उधर, विधायक के भांजे ने किसी भी विवादित पोस्ट को फेसबुक लिखने से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसका फेसबुक एकाउंट हैक किया गया और जो भी आपत्तिजनक बातें लिखी गईं, उससे उसका कोई संबंध नहीं है। इलाके में तनाव को देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहीं कांग्रेस विधायक ने बताया कि उन्होंने पुलिस से आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले अपने भांजे को गिरफ्तार करने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications