कोरोना की चपेट में आए कांग्रेस नेता शशि थरूर, 85 वर्षीय मां और बहन भी संक्रमित
नई दिल्ली, 21 अप्रैल। कोरोना वायरस महामारी की चपेट में अब एक के बाद एक राजनीतिक नेता भी आते जा रहे हैं। बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने ट्वीट कर बताया कि वह कोविड पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने लिखा, कोविड टेस्ट और परिणाम के लिए दो दिन इंतजार करने के बाद अंत में मैं अब स्पष्ट हूं, मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव है। आराम, गरम भाप और बहुत सारे तरल भोजन के साथ मन में एक 'पॉजिटिव' विचार लिए इससे निपटने की कोशिश कर रहा हूं। मेरी बहन और 85 वर्षीय मां भी कोरोना पॉजिटिव हैं।
Recommended Video

बता दें कि एक दिन पहले यानी मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की भी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। राहुल गांधी ने ट्वीट कर अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा, 'हल्के लक्षणों का अनुभव करने के बाद मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। वे सभी जो हाल ही में मेरे संपर्क में थे, कृपया सभी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें और सुरक्षित रहें।'
बता दें कि शशि थरूर ने खुद के पॉजिटिव होने की जानकारी देने वाले ट्वीट में इशारों ही इशारों में केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कोरोना वायरस के लिए टेस्ट होने और रिपोर्ट मिलने में देरी को लेकर सरकार पर तंज कसा। गौरतलब है कि देश में कोरोना संकट गहराता जा रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 2,95,041 नए केस सामने आए हैं, नए केसों के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,56,16,130 हो गई है तो वहीं 24 घंटे के अंदर कोरोना 2,023 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद मौत का आंकड़ा 1,82,553 पहुंच गया है, भारत में अब एक्टिव केस 21,57,538 हैं, जबकि 1,32,76,039 लोग ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना संकट के बीच पूर्वी दिल्ली के लोगों को गौतम गंभीर फ्री में बांट रहे Fabiflu, जानें कहां करना है संपर्क












Click it and Unblock the Notifications