कल राहुल गांधी जाएंगे लखीमपुर, मृत किसानों के परिजनों से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली, अक्टूबर 05: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कल यानी बुधवार को उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी जाएंगे और हिंसा में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलेंगे। वे एक पांच सदस्यीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे। राहुल गांधी के दोपहर तक लखनऊ पहुंचने की खबर है। इस बीच, सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश सरकार राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तरह एयरपोर्ट पर रोक सकती है।

इससे पहले राहुल गांधी ने कहा कि किसानों को गाड़ी से कुचलने वाले केंद्रीय मंत्री के पुत्र को हिरासत में नहीं लिए जाने का मतलब यह है कि देश का संविधान खतरे में है। उन्होंने जोर देकर यह भी कहा कि प्रियंका गांधी एक सच्ची कांग्रेसी हैं और डरने वाली नहीं हैं तथा उनका सत्याग्रह जारी रहेगा।इससे पहले किसानों की मौत के बाद लखीमपुर खीरी जा रहीं राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश पुलिस ने रोक दिया था और हिरासत में ले लिया था।
इसी बीच कांग्रेस ने प्रियंका गांधी का एक ऑडियो जारी किया है जिसमें प्रियंका गांधी कह रही हैं कि जनता की रक्षा सबसे बड़ा धर्म है। जीवों की रक्षा करना सबसे बड़ा धर्म है, राजा का है। आज पीएम मोदी अमृत महोत्सव के लिए लखनऊ आए पर लखीमपुर खीरी नहीं आ पाए। प्रियंका गांधी ने कहा कि गृह राज्यमंत्री के इस्तीफा देनेे तक संघर्ष जारी रखेंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे देश को किसानों ने ही आजादी दिलाई। किसान शहीद हुए और आज भी किसान का बेटा ही जवान बनकर देश की सीमाओं पर आजादी को सुरक्षित रख रहा है। जब कोई किसान संघर्ष या आंदोलन में अपनी जान गंवाता है तो हम उसे मृतक नहीं कहते हैं। हम उसे शहीद कहते हैं।
राहुल गांधी ने लखीमपुर में किसानों को गाड़ी से कुचलने से संबंधित एक कथित वीडियो को साझा करते हुए फेसबुक पोस्ट में कहा, एक मंत्री का बेटा अगर अपनी गाड़ी के नीचे सत्याग्रही किसानों को कुचल दे, तो देश का संविधान खतरे में है। अगर वीडियो के सामने आने के बाद भी उसे हिरासत में ना लिया जाए तो देश का संविधान ख़तरे में है। अगर एक महिला नेता को 30 घंटे तक बिना प्राथमिकी के हिरासत में रखा जाए तो देश का संविधान खतरे में है।












Click it and Unblock the Notifications