VIDEO: गोवा में दिखा राहुल गांधी का अनोखा अंदाज, बाइक पर सवार होकर पहुंचे आजाद मैदान
पणजी, 30 अक्टूबर: गोवा में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसके चलते राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस लीडर राहुल गांधी शनिवार को गोवा पहुंचे। राहुल गांधी ने शनिवार को गोवा में अपने चुनाव अभियान का आगाज कर दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गोवा में मोटरसाइकल टैक्सी पायलट का लुत्फ उठाया। उन्होंने पणजी में बाम्बोलिम से लेकर आजाद मैदान तक बाइक पर पीछे बैठकर सवारी की।

Recommended Video
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बेम्बोलिम से मोटरसाइकिल पर सवार होकर पणजी के आजाद मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक पर फूल चढ़ाए। हेलमेट लगाकर और मास्क पहनकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर गोवा घूम रहे राहुल गांधी का वीडियो कांग्रेस ने ट्वीट किया है। राहुल गांधी ने आजाद मैदान तक जाने के लिए 'पायलट सेवा' का इस्तेमाल किया, जो गोवा में आम आदमी की मोटरसाइकिल टैक्सी सर्विस है और बेहद पॉपुलर है।
कांग्रेस नेता अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एक दिन के दौरे पर तटीय राज्य में हैं। राहुल ने इस दौरान उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि जब यूपीए सरकार सत्ता में थी तब पेट्रोल के इंटरनेशनल दाम 140 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गए थे। आज पेट्रोल और डीजल के इंटरनेशनल दाम जब हम सत्ता में थे उससे काफी कम हैं लेकिन आपको पेट्रोल और डीजल के लिए बहुत ज़्यादा भुगतान करना पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने मछुआरों से भी मुलाकात की और कांग्रेस के सत्ता में आने पर उनकी समस्याएं दूर कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आपके दिल में क्या है, आपके दिमाग में क्या है, यह सुनने में मुझे बहुत दिलचस्पी है। इसी बीच उन्होंने गोवा के लिए अपनी रणनीति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोवा के लोगों की आवाज और उनके हितों की रक्षा ही हमारी रणनीति है।
राहुल गांधी ने भाजापा सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस का मेनिफेस्टो (घोषणापत्र) 'गारंटी' होता है। इसमें दूसरों की तरह महज "प्रॉमिस" शामिल नहीं होते। पार्टी एक मेनिफेस्टो के साथ सामने आ रही है, जो पूरी तरह ट्रांसपेरेंट है। हमने छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ा था और किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था। हमने उसे पूरा किया। आप पंजाब और कर्नाटक में भी जाकर इसकी पुष्टि कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications