संसद में बैन हुए शब्दों पर राहुल गांधी ने कसा तंज, कहा-यह नई इंडिया की नई डिक्शनरी है
नई दिल्ली, 14 जुलाई: मॉनसून सत्र से पहले संसद (लोकसभा और राज्यसभा) में कई शब्दों पर पाबंदी लगाये जाने के बाद कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को जमकर घेरा है। इस बीच राहुल गांधी ने भी बैन किए गए शब्दों को लेकर मोदी सरकार पर तंज कसा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तंज कसा कि यह नई इंडिया की नई डिक्शनरी है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने भी नए आदेश का विरोध किया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि, यह नई इंडिया की नई डिक्शनरी है। उन्होंने जो ट्वीट किया है, उसके साथ एक फोटो भी शेयर की है। उसमें अनपार्लियामेंट शब्द लिखा है। उसके नीचे उस शब्द की व्याख्या की है। जिसमें अनपार्लियामेंट शब्द का मतलब बताया गया है कि, चर्चाओं और वाद-विवादों में इस्तेमाल होने वाला शब्द जो "सही ढंग से" पीएम के सरकार का वर्णन करता है, अब उसके बोलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इसके साथ ही इस ट्वीट में उस शब्द के उदहारण भी दिए गए हैं। उदहारण में लिखा गया है कि, जुमलाजीवी तानाशाह जो अपने झूठ पर मगरमच्छ के आंसू बहाए और जिसकी अक्षमता का पर्दाफाश हो। राहुल गांधी के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी सरकार के इस फैसले की आलोचना की है।

बता दें कि, लोकसभा सचिवालय से अमर्यादित शब्दों की लिस्ट 18 जुलाई से संसद का मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले आई है। इस लिस्ट में अंग्रेजी-हिन्दी के कई शब्द हैं, जैसे- शकुनि, तानाशाह, तानाशाही, जयचंद, विनाश पुरुष, खालिस्तानी, खून से खेती, Anarchist और dictatorial शामिल हैं। इसका अर्थ यह है कि संसद में डिबेट अथवा किसी अन्य मौके पर अगर इन शब्दों का प्रयोग किया जाएगा तो इसे सदन की कार्यवाही से हटा दिया जाएगा।
लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी एक नये बुकलेट में कहा गया है कि 'जुमलाजीवी', 'बाल बुद्धि', 'कोविड स्प्रेडर' और 'स्नूपगेट' जैसे शब्दों को लोकसभा और राज्यसभा में असंसदीय माना जाएगा। लोकसभा सचिवालय द्वारा जिन शब्दों को असंसदीय बताया गया है उनमें कुछ बेहद सामान्य शब्द हैं और बोलचाल के दौरान धडल्ले से प्रयोग किए जाते हैं। इनमें अंग्रेजी के शब्द 'ashamed', 'abused, 'betrayed', 'corrupt', 'drama', 'hypocrisy' और 'incompetent' शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications