राहुल गांधी ने कृषि बिल को बताया मौत का फरमान, कहा-सोना उगाने वाले किसान को रुलाए खून के आंसू
नई दिल्ली। राज्यसभा में विपक्ष के भारी विरोध के बीच पास किए गए कृषि बिल को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल ने इन बिल को किसानों के लिए मौत का फरमान बताया। उन्होंने कहा कि जो किसान धरती से सोना उगाता है, मोदी सरकार का घमंड उसे खून के आँसू रुलाता है। राहुल गांधी इस बिल विधेयक को लेकर काफी दिनों से पीएम मोदी पर हमला बोल रहे हैं।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'जो किसान धरती से सोना उगाता है, मोदी सरकार का घमंड उसे खून के आँसू रुलाता है। राज्यसभा में आज जिस तरह कृषि विधेयक के रूप में सरकार ने किसानों के खिलाफ मौत का फरमान निकाला है, उससे लोकतंत्र शर्मिंदा है।' इससे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि, मोदी सरकार के कृषि-विरोधी 'काले कानून' से किसानों को:1-APMC/किसान मार्केट खत्म होने पर MSP कैसे मिलेगा? , 2-MSP की गारंटी क्यों नहीं? मोदी जी किसानों को पूँजीपतियों का गुलाम बना रहे हैं जिसे देश कभी सफल नहीं होने देगा।
यह भी पढ़ें: भाजपा की सहयोगी अकाली दल की चेतावनी, ऐसा मत सोचिए कि पंजाब के किसान कमजोर हैं
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बाहुबली मोदी सरकार ने जबरन किसान बिल को पास कराया है। इससे ज्यादा काला दिन कुछ हो नहीं सकता है। देश का किसान मोदी सरकार को कभी माफ नहीं करेगा। गौरतलब है कि विपक्ष के ज़ोरदार हंगामे की बीच आज राज्यसभा ने भी कृषि बिलो को पारित कर दिया। विपक्षी दल इस बिल को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना कर रहे हैं।
अहमद पटेल ने बताया इतिहास का सबसे 'काला दिन'
इस बीच कांग्रेस सांसद अहमद पटेल ने बताया कि यह दिन इतिहास में 'काला दिन' के रूप में याद किया जाएगा, जिस तरह से ये बिल पारित किए गए हैं, वह लोकतंत्र की हत्या के समान है। 12 विपक्षी दलों ने राज्यसभा के उप सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। कृषि बिलों के विरोध में बोलते हुए अहमद पटेल ने आगे कहा, 'राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश को लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करने के बजाए लोकतांत्रिक परंपराओं और प्रक्रियाओं को नुकसान पहुंचाया है। इसलिए हमने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया है।'












Click it and Unblock the Notifications