Wayanad Election:'लोगों से मिला प्यार, मेरी पूरी राजनीति बदल गई', वायनाड में राहुल गांधी ने कही दिल की बात
Rahul Gandhi Wayanad: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वायनाड में अपनी बहन प्रियंका गांधी के लिए जनसभा की थी, जिसमें उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी उनसे बेहतर सांसद साबित होंगी। राहुल ने इस तरह प्रियंका के पक्ष में सियासी माहौल बनाने की पूरी कोशिश की है, ताकि उपचुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा उन्होंने जनता से मिले प्यार को परिभषित किया।
ज्ञात हो कि वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवम्बर को उपचुनाव होना है, जिसमें कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार चुनावी मैदान में हैं। प्रियंका गांधी वायनाड सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं, जबकि उनके खिलाफ सीपीआई से सत्यन मोकेरी और बीजेपी से नव्या हरिदास चुनावी मुकाबले में हैं।

राजनीति, राजनीति और 'प्यार' शब्द का उपयोग
सोमवार को वायनाड में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन और कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका गांधी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि जब मैं पहली बार भारत जोड़ो यात्रा पर गया, तो मुझे थोड़ा आश्चर्य हुआ, क्योंकि यह एक राजनीतिक पदयात्रा थी। पदयात्रा का उद्देश्य राजनीतिक था, लेकिन यात्रा की शुरुआत में ही मैंने देखा कि मैं लोगों को गले लगा रहा था और लोग मुझे चूम रहे थे।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैं कह रहा था, मैं तुमसे प्यार करता हूँ। वे कह रहे थे, हम तुमसे प्यार करते हैं। आज जब मैं प्लेन में था तो मुझे महसूस हुआ कि कई सालों से मैंने राजनीति में 'प्यार' शब्द का उपयोग नहीं किया था। वायनाड आने के बाद अचानक मैंने राजनीति में 'प्यार' शब्द का इस्तेमाल करना आरंभ कर दिया। मुझे एहसास हुआ कि वायनाड के लोगों ने मुझे इतना प्यार दिया है कि मेरी पूरी राजनीति बदल गई है। वायनाड के लोगों ने मुझे सिखाया कि राजनीति में इस शब्द का बहुत विशेष स्थान है।
क्यों हो रहा है उपचुनाव?
लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि, उन्होंने वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यहां उपचुनाव की स्थिति उत्पन्न हुई। अब इस सीट से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ रही हैं।
प्रियंका गांधी वायनाड में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की उम्मीदवार हैं, और इस उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी को यहां की सीट सुरक्षित मानी जा रही है। लेकिन अन्य दल भी अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं, जिससे इस उपचुनाव में प्रतिस्पर्धा दिलचस्प हो गई है। लोग इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि प्रियंका गांधी वायनाड में जीत हासिल कर पाएंगी या नहीं, और क्या वह राहुल गांधी के रिकॉर्ड को तोड़ सकेंगी?
प्रियंका गांधी ने संभाली प्रचार की कमान
प्रियंका गांधी और राहुल गांधी केरल में एक साथ रोड शो करेंगे। इस रोड शो को लेकर राज्य कांग्रेस के कार्यकर्ता और जनता के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। प्रियंका और राहुल की कोशिश होगी कि इस उत्साह को वोट में बदल सकें। वायनाड में कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी को पांच लाख से अधिक वोटों से जिताने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रियंका गांधी के लिए यह उपचुनाव चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी की उम्मीदें उनसे बहुत जुड़ी हैं। वायनाड सीट की राजनीति में सबकी निगाहें प्रियंका गांधी की जीत पर टिकी हुई हैं, और उपचुनाव में क्या वाकई कांग्रेस को यहां ऐतिहासिक जीत मिलती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें स्वामीनारायण मंदिर का 200वां स्थापना दिवस: पीएम मोदी ने किया अयोध्या से लेकर काशी और केदार का ज़िक्र












Click it and Unblock the Notifications