जंतर-मंतर की घटना पर बोले राहुल गांधी, 'बेटी बचाओ, बस ढोंग है' अत्याचार करने से पीछे नहीं हटी है भाजपा
दिल्ली के जंतर मंतर पर पहलवानों के साथ 3 मई बुधवार की रात हुई घटना को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक बताया है।

Wrestlers protest News: रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पिछले कई दिनों से पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे है। बुधवार 3 मई को विरोध-प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच खाट को लेकर धक्का-मुक्की और झड़प हो गई।
पुलिस से धक्का-मुक्की और झड़प के बाद विनेश फोगाट का रोते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। पहलवानों के साथ धक्का-मुक्की पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा को घेरने की कोशिश की। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा भारत की बेटियों पर अत्याचार करने से कभी पीछे नहीं हटी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार 4 मई को महिला पहलवानों का वीडियो ट्वीट करते हुए अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से लिखा,
देश के खिलाड़ियों के साथ ऐसा बर्ताव बहुत ही शर्मनाक है। 'बेटी बचाओ' बस ढोंग है! असल में भाजपा भारत की बेटियों पर अत्याचार करने से कभी पीछे नहीं हटी है।
इससे पहले राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा था कि अपनी कड़ी मेहनत और लगन से देश व अपने परिवार का नाम रोशन करने वाली महिला खिलाड़ियों के आंसू देखकर बहुत दुख होता है। इनकी सुनवाई हो और न्याय दिया जाए।
Recommended Video
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3 मई बुधवार को जंतर-मंतर पर पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच फोल्डेड बेड्स को लेकर धक्का-मुक्की और झड़प हो गई थी। ऐसा बताया जा रहा है कि AAP नेता सोमनाथ भारती पहलवानों के लिए फोल्डिंग बेड लेकर पहुंचे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उनको रोक दिया।
पुलिस का कहना था कि बैरिकेडिंग होने की वजह से फोल्डेड बेड्स ले जाने की अनुमति नहीं है। वहीं, प्रदर्शनकारी पहलवानों का कहना था कि बारिश से जमीन भीग गई है, कीचड़ में नीचे कैसे सोया जा सकता है। इसी बात को लेकर दिल्ली पुलिस औऱ पहलवानों के बीच कहासुनी हो गई।
पहलवानों का आरोप है कि नशे में धुत दिल्ली पुलिस के जवानों ने उनके साथ मारपीट की और दो पहलवानों का सिर फोड़ दिया। इसके अलावा उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पहलवानों कहा कहना है कि वे केवल फोल्डेबल खाट लाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोका।
वहीं दूसरी ओर बजरंग पुनिया ने इस मामले को लेकर गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोमनाथ भारती प्रदर्शन स्थल पर फोल्डिंग बेड लेकर आए थे।उनके पास इसकी इजाजत नहीं थी जिसके लिए उनको मना किया गया।
प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थक बैरीकेडिंग पर आ गए और बेड लेने की कोशिश की जिसमें विवाद हुआ। कहा कि हमने उनको (पहलवानों) बोला है कि वह अपनी शिकायतें दें जिसपर हम निष्पक्ष जांच करेंगे। हम उन पुलिस वालों के खिलाफ भी जांच करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications