पीएम मोदी से मुलाकात पर उठे सवाल तो मनीष तिवारी बोले, हम पंजाबी...
नई दिल्ली, 25 अगस्त। पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात के बाद अलग-अलग तरह की अटकलें लग रही हैं। पीएम मोदी के साथ तस्वीर को लेकर उठ रहे सवालों पर मनीष तिवारी ने जवाब दिया है। मनीष तिवारी ने कहा कि यह तस्वीर प्रोटोकॉल और शुचिता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ना तो पंजाब छोटी सोच वाला है और ना ही छोटे दिलवाला है।

मनीष तिवारी ने तस्वीर पर सफाई देते हुए ट्वीट किया और लिखा, यह प्रोटोकॉल और शुचिता है। अगर नरेंद्र मोदी मेरे संसदीय क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब का दौरा करते हैं तो शिष्टाचार यह कहता है कि मुझे राजनीतिक मतभेद को अलग रखते हुए उनका स्वागत करना चाहिए। हम पंजाबी ना तो छोटी सोच वाले हैं और ना ही छोटे दिल वाले हैं। दरअसल पत्रकार गौरव अग्रवाल ने पीएम मोदी और मनीष तिवारी की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा था, आज की तस्वीर, अब ये रिश्ता क्या कहलाता है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का श्री आनंदपुर साहिब में उद्घाटन किया था। मनीष तिवारी ने ट्वीट करके लिखा पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने 30 दिसंबर 2013 को इस की आधारशिला रखी थी। आज प्रधानमंत्री मोदी ने इसका उद्घाटन किया। दरअसल जिस तरह से पीएम मोदी और मनीष तिवारी की तस्वीर सामने आई उसके बाद अटकलबाजियों का दौर तेज हो गया था। जिस तरह से पहले गुलाम नबी आजाद, फिर आनंद शर्मा ने अहम पदों से इस्तीफा दिया उस बीच मनीष तिवारी की इस तस्वीर ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।
आनंद शर्मा ने बुधवार को कहा कि पार्टी को परिवर्तन की जरूरत है और वह सबके सहयोग से ही हो सकता है। उन्होंने पद को छोड़ने की वजह से पार्टी के लिए प्रचार करने में कोई बाधा नहीं आएगी। मैं कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार करता रहूंगा, जब भी इसकी जरूरत होगी। कांग्रेस को गुटबाजी से बाहर आने की जरूरत है और एकजुट रहने की जरूरत है। हम सभी कांग्रेस कांग्रेसी हैं। ज्यादा जरूरी यह है कि पार्टी मजबूत रहे। वहीं कांग्रेस पार्टी की ओर से कहा गया है कि 20 सितंबर को पार्टी के चीफ का चुनाव होगा। गौर करने वाली बात है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ मेडिकल चेकअप के लिए विदेश गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications