PM मोदी ने कांग्रेस पर लगाया कोरोना फैलाने का आरोप, कहा- प्रवासी मजदूरों को बांटे थे फ्री ट्रेन के टिकट
नई दिल्ली, फरवरी 07। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सदन में भाषण दिया। अपनी स्पीच के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने देश में कोरोना को फैलाने का काम किया है। पीएम ने कहा कि कोरोना की पहली लहर के वक्त जब लॉकडाउन लगा था तो उस वक्त मैं ही नहीं बल्कि दुनिया का हर बड़े नेता यही अपील कर रहा था कि जो इंसान जहां है, वो वहीं रहे ताकि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके, लेकिन कांग्रेस के किसी नेता ने ऐसा नहीं कहा।

कांग्रेस ने प्रवासी मजदूरों को दिए थे फ्री ट्रेन के टिकट
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले लॉकडाउन के वक्त कांग्रेस नेताओं की शह पर ही मुंबई से प्रवासी मजदूरों की भीड़ रेलवे स्टेशन और बस स्टेशनों पर उमड़ी थी। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने ही प्रवासी मजदूरों को मुंबई छोड़ने के लिए फ्री में टिकट बांटे थे, वहीं दिल्ली सरकार ने प्रवासी कामगारों को शहर छोड़ने के लिए कहा था और उन्हें बसें मुहैया कराईं थी। इसी का नतीजा था कि पंजाब, यूपी, बिहार और उत्तराखंड जैसे राज्यों में कोरोना बहुत तेजी से फैला।
पीएम के बयान पर विपक्ष की प्रतिक्रिया
पीएम मोदी के इस बयान पर विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरु हो गई हैं। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने ट्वीट कर कहा है कि ये कैसी सरकार है जो हाउडी ट्रंप कार्यक्रम आयोजित करती है, फिर लोगों से थाली पीटने को कहती है और अब कोरोना फैलाने का दोष विपक्ष के मात्थे मढ़ दिया। क्या इस तरह की खास चीज सिर्फ हिमालय की गुआफों में मिलती है?












Click it and Unblock the Notifications