NEET-JEE के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, कई राज्यों में विरोध-प्रदर्शन
नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) और संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) कराए जाने को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। बुधवार को गैर-भाजपा शासित सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ इस मुद्दे पर बात की थी। जिसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने इस मामले में छात्रों का साथ देने का फैसला किया। इस दौरान शुक्रवार को देश के कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

हाईकमान से आदेश मिलने के बाद शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET और JEE परीक्षाओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दिल्ली में स्थित शास्त्री भवन के सामने सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और जमकर नारेबाजी की। कुछ ऐसा ही नजारा तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में भी देखने को मिला, वहां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता रेस कोर्स रोड पर इकट्ठा हुए और धरने पर बैठ गए। वहीं गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सड़क पर बवाल बढ़ता देख पुलिस हरकत में आई और दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। राजस्थान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सचिन पायलट ने भी NEET-JEE परीक्षा रद्द करने की मांग की।
केंद्र सरकार परीक्षा करवाने पर अड़ी
मोदी सरकार ने कई बार साफ किया कि इस बार परीक्षा नहीं स्थगित की जाएगी, ऐसे में छात्र किसी गलतफहमी में ना रहें और तैयारी करें। गुरुवार को शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ने एक ट्वीट के जरिए बताया है कि एनटीए डीजी के मुताबिक JEE मुख्य परीक्षा में बैठने वाले कुल 8.58 लाख परीक्षार्थियों में से 7.5 लाख ने जेईई के एडमिट कार्ड को डाउनलोड कर लिया है, जबकि, NEET 2020 टेस्ट के लिए बैठने वाले 15.97 लाख परीक्षार्थियों में से करीब 13 लाख ने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिया है, जो दर्शाता है कि स्टूडेंट्स परीक्षा के समर्थन में हैं और वो किसी भी कीमत पर परीक्षा में बैठना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications