'ना सैलरी देने का पैसा, ना बिल पेमेंट का', लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के बैंक अकाउंट हुए फ्रीज
Congress Bank accounts seized: लोकसभा चुनाव-2024 से पहले कांग्रेस का दावा है कि उनके बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि, कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के अकाउंट फ्रीज कर दिए गए हैं।
कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने इस बात की जानकारी शुक्रवार 16 फरवरी को प्रेस कांफ्रेंस कर दी है। अजय माकन ने कहा है कि, अकाउंट फ्रीज होने की वजह से ना तो वो सैलरी दे पा रहे हैं और ना ही बिल का भुगतान कर पा रहे हैं।

कांग्रेस नेता अजय माकन का कहना है, "हमें कल (गुरुवार) जानकारी मिली कि बैंक हमारे द्वारा जारी किए जा रहे चेक को आगे नहीं बढ़ा रहे हैं। आगे की जांच करने पर हमें पता चला कि यूथ कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी के खाते भी सीज कर दिए गए हैं।''
'इनकम टैक्स ने मांगा 210 करोड़ रुपये की रिकवरी'
अजय माकन ने आगे कहा, ''इनकम टैक्स ने यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपये की रिकवरी मांगी है। हमारे खातों में क्राउडफंडिंग का पैसा फ्रीज कर दिया गया है। चुनाव से ठीक 2 हफ्ते पहले जब विपक्ष के खाते फ्रीज कर दिए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र को फ्रीज करने के बराबर है।''
अजय माकन ने यह भी कहा है कि, "अभी हमारे पास खर्च करने के लिए, बिजली का बिल भरने के लिए, अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं। सब कुछ प्रभावित होगा, न केवल न्याय यात्रा बल्कि सभी राजनीतिक गतिविधियां प्रभावित होंगी...।''
कांग्रेस नेता राहुल गांदी ने भी मोदी पर कसा तंज
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि, ''डरो मत मोदी जी, कांग्रेस धन की ताकत का नहीं, जन की ताकत का नाम है। हम तानाशाही के सामने न कभी झुके हैं, न झुकेंगे। भारत के लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर कांग्रेस कार्यकर्ता जी जान से लड़ेगा।'
'बैंक खाते तो BJP के फ्रीज होने चाहिए क्योंकि...'
अजय माकन ने कहा है कि, ''बैंक खाते तो भाजपा के फ्रीज होने चाहिए, क्योंकि जो असंवैधानिक कॉर्पोरेट बांड उन्होंने अपने खातों में डाल रखे हैं, सुप्रीम कोर्ट के अनुसार असंवैधानिक हैं। हमारे खातों में कार्यकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन डोनेशन से जुटाया गया पैसा है। इसे इनकम टैक्स और मोदी सरकार कैसे फ्रीज कर सकती है। इस कदम से स्पष्ट है कि अब हमारे देश में लोकतंत्र नहीं रहा। ऐसा लगता है देश में 'वन पार्टी सिस्टम' लाने का प्रयास किया जा रहा है।''












Click it and Unblock the Notifications