कांग्रेस का आरोप, पीएम मोदी के दबाव में काम कर रहा है चुनाव आयोग
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दबाव में काम कर रहा है।
Recommended Video

नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दबाव में काम कर रहा है। सुरजेवाला ने कहा, 'गुजरात चुनाव में आयोग दोहरा मापदंड अपना रहा है। गुजरात में भाजपा को जनता नकार चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी नाव डूबती हुई महसूस हो रही है और उस डूबती नाव को चुनाव आयोग का सहारा है।'

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, 'जब भारतीय जनता पार्टी गुजरात में पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले मेनीफेस्टो जारी करती है तो चुनाव आयोग चुप रहता है। आज सुबह जब हमने चुनाव आयोग से अपनी शिकायत के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा 5 बजे के बाद जवाब देंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त जो पीएस टू मोदी जी थे, आज भी पीएस टू मोदी जी की तरह काम कर रहे हैं। ये चुनाव आयोग के लिए शर्म की बात है।'
'वोटिंग के बहाने रोड शो कर रहे हैं पीएम'
कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी का इंटरव्यू किसी भी तरह से नियमों के खिलाफ नहीं था। फिर भी चुनाव आयोग ने राहुल को नोटिस क्यों भेजा। दूसरे चरण में वोटिंग के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो कर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वोट डालने के बाद पीएम मोदी का रोड शो पूरी तरह से आचार संहिता के उल्लंघन का केस है और चुनाव आयोग इसपर चुप है। चुनाव आयोग केंद्र सरकार की बंधक कठपुतली के रूप में काम कर रहा है।
भाजपा का पलटवार, कांग्रेस के लिए अंगूर खट्टे हैं
वहीं, कांग्रेस के आरोपों को भाजपा ने निराधार बताया है। भाजपा नेता भूपेंद्र यादव ने कहा कि पिछले राज्यसभा चुनाव के दौरान जब चुनाव आयोग ने निर्णय दिया था तो हमने उसे स्वीकार किया था। कांग्रेस ने तब इसी चुनाव आयोग को निष्पक्ष बताया था। भूपेंद्र यादव ने कहा कि जिनके लिए अंगूर खट्टे हैं, वो आज चुनाव आयोग पर तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications